एशिया कप 2025, 3 जगह फंसा पाकिस्तान: बायकॉट से 116 करोड़ का नुकसान, नहीं किया तो लानत तय; UAE से हारे तो मुल्क में फजीहत
Published:
4 min read

एशिया कप में पाकिस्तान टीम ने अपने शुरुआती 2 मैचों में से एक ही जीता है। अब उसका ग्रुप स्टेज में तीसरा यानी आखिरी मैच आज (17 सितंबर) UAE के खिलाफ होगा। (ACC)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में लगातार बेइज्जती होने के बाद अब पाकिस्तानी टीम एक ऐसे मोड़ पर आकर फंस गई है, जहां उसके सामने सिर्फ 3 ही रास्ते बचे हैं। खास बात ये है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) कोई भी रास्ता चुने, वहां उसके लिए एक और लानत तय है। पाकिस्तान की यह हालत उसकी खुद की कथनी-करनी के चलते हुई है।
दरअसल, यह सिलसिला भारत-पाकिस्तान मैच से शुरू होता है। मुकाबले में टीम इंडिया के हाथों 15.5 ओवर में 7 विकेट से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी थी। इससे भी बड़ी बेइज्जती ये हुई कि मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से टॉस के दौरान और मैच जीतने के बाद हाथ नहीं मिलाया था। इस मामले में PCB ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से शिकायत कर दी।
PCB ने धमकी दी थी कि यदि मैच रेफरी को नहीं हटाया तो एशिया कप का बायकॉट कर देंगे और बाकी मैच नहीं खेलेंगे। इसमें भी पाकिस्तान की फजीहत हुई, क्योंकि ICC ने यह अपील ठुकरा दी। बस यहीं आकर पाकिस्तान अलग-थलग पड़ता दिख रहा है। उसके एक तरफ कुआं और दूसरी ओर खाई है। पाकिस्तानी बोर्ड तिराहे पर आ गया है। यहां हर एक रास्ता लानत और नुकसान की ओर जाता है। आइए समझते हैं कैसे…
बायकॉट किया तो 116 करोड़ का नुकसान
पाकिस्तानी बोर्ड यदि अपनी धमकी पर अड़ा रहा और एशिया कप का बायकॉट करके घर लौटता है तो उसे 116 करोड़ पाकिस्तानी रुपए (करीब 34.32 करोड़ भारतीय रुपये) का तगड़ा नुकसान होगा। यह उसके लिए गरीबी में आटा गीले होने जैसा रहेगा, क्योंकि पहले से ही PCB की आर्थिक स्थिति खराब है।
रिपोर्ट्स की मानें तो PCB को उम्मीद है कि मौजूदा फाइनेंशियल ईयर में उसे इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) से करीब 8.8 अरब रुपये (276 करोड़ भारतीय रुपये) की कमाई होगी।
पाकिस्तानी बोर्ड को ICC से 25.9 मिलियन डॉलर (करीब 228 करोड़ भारतीय रुपये) की कमाई का अनुमान है। जबकि एशिया कप से 1.16 अरब रुपये (34.32 करोड़ भारतीय रुपये) और इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स से 77.7 लाख रुपये (24.32 लाख भारतीय रुपये) कमाने की उम्मीद है।
पाकिस्तान टीम बायकॉट करती है तो UAE को फायदा मिलेगा। यह टीम सीधे सुपर-4 राउंड में एंट्री करेगी, जहां 21 सितंबर को टीम इंडिया से मुकाबला होगा।
एशिया कप में खेलना जारी रखेंगे तो क्या?
यदि पाकिस्तान टीम बायकॉट नहीं करती है और 116 करोड़ रुपए का नुकसान बचाने के लिए एशिया कप खेलना जारी रखती है तो यह PCB की महाबेईज्जती होगी। क्योंकि इससे पहले ही भारतीय टीम ने काफी इंसल्ट कर दी है। ICC ने भी ठेंगा दिखाया। अब बायकॉट की धमकी देकर भी पाकिस्तान टीम आगे मैच खेलती है तो यह उसकी इंटरनेशनल बेइज्जती होगी।
UAE से हारने पर मुल्क में होगी फजीहत
एशिया कप में पाकिस्तान टीम ने अपने शुरुआती 2 मैचों में से एक ही जीता है। अब उसका ग्रुप स्टेज में तीसरा यानी आखिरी मैच आज (17 सितंबर) UAE के खिलाफ होगा। यदि पाकिस्तान टीम एशिया कप का बायकॉट ना करके यह मैच खेलती है तो उसे यहां हार का डर बना रहेगा।
UAE ने अभी 2 में से एक मैच जीत लिया है। उसने पिछले मैच में ओमान को 42 रन से हराया है। यह टीम पाकिस्तान को तगड़ी टक्कर देगी। यदि पाकिस्तान टीम यह मैच हारी तो वैसे ही एशिया कप से बाहर हो जाएगी। T20 वर्ल्ड कप 2024 में पाकिस्तान नई नवेली USA टीम से हार चुकी है।
अब यदि UAE ने भी हार मिली तो पाकिस्तान टीम अपने ही मुल्क में मुंह दिखाने लायक नहीं रहेगी। उसकी जमकर फजीहत होगी। यदि UAE से जीत भी जाते हैं तो फिर 21 सितंबर तो टीम इंडिया से मैच होगा। यहां तो हारने के चांस काफी ज्यादा हैं। मतलब एशिया कप खेलने पर आगे भी पाकिस्तान की फजीहत तय है।
सुपर-4 राउंड में पहुंची भारतीय टीम
फिलहाल, ग्रुप-ए को पॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम टॉप पर है, जिसके 4 अंक और नेट रनरेट 4.793 का है। टीम इंडिया ने सुपर-4 राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। जबकि दूसरे नंबर पर काबिज पाकिस्तान टीम के 2 पॉइंट्स और नेट रनरेट 1.649 का है।
ओमान को हराने के बाद अब UAE टीम के भी 2 अंक हो गए हैं। यह टीम तीसरे नंबर पर है, क्योंकि उसका नेट रनरेट -2.030 है। ओमान अब तक कोई मैच नहीं जीत सकी है। उसे आखिरी मैच टीम इंडिया के खिलाफ 19 सितंबर को खेलना है।

