एशिया कप में PAK का तमाशा: 1 घंटे देर से शुरू हुआ मैच; रेफरी की माफी का झूठ फैलाया, सूर्या पर पेनल्टी नहीं लगेगी
Published:
4 min read

UAE के खिलाफ मैच से पहले बात करते हुए पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा और टीम मैनेजर। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में बुधवार (17 सितंबर) को UAE के खिलाफ मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और उनकी टीम का तमाशा दुनिया ने देखा। पहले एशिया कप से बायकॉट का नाटक किया।
फिर मैच से पहले PAK टीम एक घंटे तक होटल से नहीं निकली। इसी एक घंटे में जमकर ड्रामा हुआ। PCB ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव पर पेनल्टी लगाने की भी मांग की।
सूर्या पर पेनल्टी लगाने की डिमांड भी ठुकराई
हालांकि जिस तरह ICC ने मैच रेफरी को हटाने की मांग ठुकराई थी, उसी तरह सूर्या पर पेनल्टी की डिमांड भी ठुकरा दी। पाकिस्तान को मैच तो खेलना ही था। ऐसे में PCB ने झूठ फैलाया कि जिम्बाब्वे के ICC मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने हैंडशेक विवाद को लेकर माफी मांग ली है। इस कारण मैच खेलने के लिए टीम तैयार है।
पाकिस्तानी बोर्ड का यह झूठ कुछ समय में ही पकड़ा गया, जब ICC ने मैच रेफरी के माफी मांगने की बात पर बयान जारी किया। आइए पॉइंट्स में जानते हैं कि आखिरकार एशिया कप में पाकिस्तान टीम के साथ क्या हुआ। क्यों उसे इतनी बेइज्जती झेलनी पड़ी। फिर भी मैच खेले और हारकर बाहर हुए। बायकॉट की जरूरत ही नहीं पड़ी।
मैच से पहले पाकिस्तान ने क्या नौटंकी की, पॉइंट्स में जानिए....
-
14 सितंबर को हुए मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने टॉस के दौरान और मैच जीतने के बाद पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया था।
-
PCB ने ICC को लेटर लिखकर मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की। धमकी दी कि डिमांड पूरी नहीं हुई तो एशिया कप का बायकॉट करेंगे। इसके बावजूद ICC ने यह मांग ठुकरा दी।
-
पाकिस्तानी बोर्ड ने दूसरा लेटर लिखकर कहा कि कम से कम पाकिस्तान के मैचों से एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाया जाए, लेकिन यह डिमांड भी ICC ने नहीं मानी।
-
मैच वाले दिन (17 सितंबर) सुबह खबर आई थी कि पाकिस्तान टीम मैच खेलने के लिए तैयार है। PCB ने बायकॉट करने का फैसला बदल दिया है।
-
शाम 6 बजे पाकिस्तान टीम को मैच खेलने के लिए दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पहुंचना था, लेकिन टीम होटल में ही रुकी रही।
-
PCB ने टीम को होटल में ही रुकने के लिए कह दिया था। यहां मीडिया रिपोर्ट्स में खबरें आईं कि पाकिस्तानी टीम यह मैच नहीं खेलेगी।
-
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) और PCB के चीफ मोहसिन नकवी ने इमरजेंसी मीटिंग की। इसी दौरान एक घंटे बाद पाकिस्तान टीम को स्टेडियम पहुंचने और मैच खेलने के आदेश दिए।
-
पाकिस्तान टीम स्टेडियम पहुंची। 8 बजे का मैच एक घंटे की देरी से यानी 9 बजे रात को खेला गया।
-
इसी बीच PCB ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने पाकिस्तान टीम के कप्तान और मैनेजर से माफी मांग ली है। इसी के चलते टीम मैच खेलने के लिए तैयार हुई।
-
कुछ ही समय में ICC ने बयान जारी कर कहा कि एंडी पायक्रॉफ्ट ने माफी मांगी है। हालांकि यह माफी हैंडशेक विवाद को लेकर नहीं बल्कि मैच में हुए मिस कम्यूनिकेशन के लिए मांगी है। ऐसे में पाकिस्तान का दावा यहां झूठा साबित होता है।
-
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, PCB ने राजनीतिक बयान देने के लिए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पर पेनल्टी लगाने की भी मांग की थी। यह डिमांड भी ICC ने ठुकरा दी।
फिर होगा इंडिया Vs पाकिस्तान मैच:
पाकिस्तान टीम ने बुधवार (17 सितंबर) को हुए करो या मरो के मुकाबले में UAE को 41 रन से शिकस्त दी। इसके साथ ही एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड में एंट्री कर ली है। अब एक बार फिर भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। यह मैच सुपर-4 राउंड के तहत रविवार (21 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

