भारत से मैच के पहले पाकिस्तान की प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द: टीम का हौसला बुलंद करने के लिए मोटिवेशनल स्पीकर बुलाया
Published: Updated:
3 min read

पाकिस्तान टीम ने 3 में से 2 मैच जीतकर एशिया कप के सुपर-4 में जगह बनाई। अब 21 सितंबर को टीम इंडिया से मुकाबला है। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने लगातार दूसरी बार अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी है। आज (21 सितंबर) को भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा। ऐसे में पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट ने अपने खिलाड़ियों का हौसला बुलंद करने के लिए मोटिवेशनल स्पीकर बुलाया है। इससे पहले पाकिस्तान टीम ने UAE के खिलाफ मुकाबले से पहले भी प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द की थी।
दरअसल, एशिया कप में सुपर-4 राउंड शुरू हो गया है। इसमें चार टीमें आपस में राउंड रॉबिन के तहत मुकाबला खेलेंगी। इसी के तहत रविवार को भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मैच होना है। इससे पहले शनिवार (20 सितंबर) को दोनों टीमों की प्रेस कॉन्फ्रेंस होनी थी, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इसे रद्द कर दिया।
पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट ने प्लेयर्स का मोरल बूस्ट करने के लिए मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. राहील को बुलाया है। इससे पहले ग्रुप स्टेज में भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला हुआ था। यह मैच सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने 15.5 ओवर में 7 विकेट से जीत लिया था।
इससे पहले पाकिस्तान ने क्या नौटंकी की, पॉइंट्स में जानिए....
-
14 सितंबर को हुए मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने टॉस के दौरान और मैच जीतने के बाद पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया था।
-
PCB ने ICC को लेटर लिखकर मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की। धमकी दी कि डिमांड पूरी नहीं हुई तो एशिया कप का बायकॉट करेंगे। इसके बावजूद ICC ने यह मांग ठुकरा दी।
-
पाकिस्तानी बोर्ड ने दूसरा लेटर लिखकर कहा कि कम से कम पाकिस्तान के मैचों से एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाया जाए, लेकिन यह डिमांड भी ICC ने नहीं मानी।
-
मैच वाले दिन (17 सितंबर) सुबह खबर आई थी कि पाकिस्तान टीम मैच खेलने के लिए तैयार है। PCB ने बायकॉट करने का फैसला बदल दिया है।
-
शाम 6 बजे पाकिस्तान टीम को मैच खेलने के लिए दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पहुंचना था, लेकिन टीम होटल में ही रुकी रही।
-
PCB ने टीम को होटल में ही रुकने के लिए कह दिया था। यहां मीडिया रिपोर्ट्स में खबरें आईं कि पाकिस्तानी टीम यह मैच नहीं खेलेगी।
-
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) और PCB के चीफ मोहसिन नकवी ने इमरजेंसी मीटिंग की। इसी दौरान एक घंटे बाद पाकिस्तान टीम को स्टेडियम पहुंचने और मैच खेलने के आदेश दिए।
-
पाकिस्तान टीम स्टेडियम पहुंची। 8 बजे का मैच एक घंटे की देरी से यानी 9 बजे रात को खेला गया।
-
इसी बीच PCB ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने पाकिस्तान टीम के कप्तान और मैनेजर से माफी मांग ली है। इसी के चलते टीम मैच खेलने के लिए तैयार हुई।
-
कुछ ही समय में ICC ने बयान जारी कर कहा कि एंडी पायक्रॉफ्ट ने माफी मांगी है। हालांकि यह माफी हैंडशेक विवाद को लेकर नहीं बल्कि मैच में हुए मिस कम्यूनिकेशन के लिए मांगी है। ऐसे में पाकिस्तान का दावा यहां झूठा साबित होता है।
-
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, PCB ने राजनीतिक बयान देने के लिए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पर पेनल्टी लगाने की भी मांग की थी। यह डिमांड भी ICC ने ठुकरा दी।

