फिर होगा इंडिया Vs पाकिस्तान मैच: रविवार को दुबई में मुकाबला; पाकिस्तान ने UAE को 41 रन से हराकर सुपर-4 राउंड के लिए क्वालिफाई किया
Published: Updated:
5 min read

पाकिस्तान ने भी यह मैच जीतकर सुपर-4 में एंट्री कर ली है। टीम के 4 पॉइंट्स और नेट रनरेट 1.790 का हो गया है। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क: पाकिस्तान टीम ने बुधवार (17 सितंबर) को हुए करो या मरो के मुकाबले में UAE को 41 रन से शिकस्त दी। इसके साथ ही एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड में एंट्री कर ली है। अब एक बार फिर भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। यह मैच सुपर-4 राउंड के तहत रविवार (21 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
पाकिस्तान ने दिया था 147 रन का टारगेट
एक घंटे की देरी से शुरू हुए इस मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान टीम ने 147 रन का टारगेट दिया। फखर जमां ने फिफ्टी लगाई। सईम अयूब लगातार तीसरे मैच में जीरो पर आउट हुए।
पाकिस्तान के लिए फखर ने 36 बॉल पर सबसे ज्यादा 50 रन की पारी खेली। 9वें नंबर पर बैटिंग करने आए शाहीन अफरीदी ने 14 बॉल पर नाबाद 29 रन बनाए। इस दौरान 2 छक्के लगाए। कप्तान सलमान अली आगा ने 27 बॉल खेलकर सिर्फ 20 रन बनाए।
PAK टीम ने 93 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे
एक समय पाकिस्तान की हालत पतली नजर आ रही थी। टीम ने 9 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। फिर टीम जैसे तैसे संभली, लेकिन 93 रन तक आते-आते 6 खिलाड़ी पवेलियन लौट गए थे। फखर और शाहीन की पारी के बदौलत टीम 146 रन तक पहुंची। UAE के लिए जुनैत सिद्दिकी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। सिमरजीत सिंह ने 3 और ध्रुव पाराशर ने 1 विकेट लिया।
UAE की टीम 105 रन ही बना सकी
147 रन के टारगेट के जवाब में UAE की टीम 17.4 ओवर में 105 रन ही बना सकी और मैच गंवा दिया। टीम के लिए राहुल चोपड़ा ने सबसे ज्यादा 35 रनों की पारी खेली। उनके बाद ध्रुव पाराशर ने 20 रन बनाए।
मैच में पाकिस्तान की गेंदबाजी थोड़ी देर में रंग लाई, लेकिन मैच जिता दिया। शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और अबरार अहमद ने 2-2 विकेट लिए। सईम अयूब और सलमान अली ने 1-1 विकेट लिया।
मैच से पहले पाकिस्तान ने किया ड्रामा
इस मैच से ठीक पहले पाकिस्तान टीम ने जमकर ड्रामा किया था। मैच पहले तय समय पर आज रात 8 बजे से शुरू होना था, लेकिन 6 बजे तक पाकिस्तानी टीम स्टेडियम ही नहीं पहुंची। दरअसल, ICC ने इस मैच के लिए एंडी पायक्राफ्ट को ही रेफरी रखा था। इसी बात को लेकर PCB नाराज दिखा।
इसी वजह से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम को होटल से निकलने से मना कर दिया था। ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि पाक यह मैच नहीं खेलेगा। हालांकि, बाद में टीम को होटल से स्टेडियम जाने की मंजूरी दी गई।
मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग-11
पाकिस्तान टीम: सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमां, सलमान अली आगा (कप्तान), खुशदिल शाह, हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीद, हारिस रउफ और अबरार अहमद।
UAE की टीम: अलीशान शराफू, मोहम्मद वसीम (कप्तान), आसिफ खान, मोहम्मद जोहैब, हर्षित कौशिक, राहुल चोपड़ा (विकेटकीपर), ध्रुव पाराशर, हैदर अली, मोहम्मद रोहिद खान, सिमरनजीत सिंह और जुनैद सिद्दिकी।
सुपर-4 राउंड में पहुंची भारत-पाकिस्तान की टीम
ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम टॉप पर है, जिसके 4 अंक और नेट रनरेट 4.793 का है। टीम इंडिया ने सुपर-4 राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। पाकिस्तान ने भी यह मैच जीतकर सुपर-4 में एंट्री कर ली है। टीम के 4 पॉइंट्स और नेट रनरेट 1.790 का हो गया है।
इस ग्रुप से ओमान और UAE की टीम बाहर हो गई हैं। UAE के अभी 2 पॉइंट्स हैं। उसका नेट रनरेट -1.984 है। इस ग्रुप में अब एक ही मैच बचा है, जो ओमान और भारतीय टीम के बीच 19 सितंबर को होगा। यह औपचारिक मैच ही रहेगा।
मैच से पहले पाकिस्तान ने क्या नौटंकी की, पॉइंट्स में जानिए....
-
14 सितंबर को हुए मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने टॉस के दौरान और मैच जीतने के बाद पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया था।
-
PCB ने ICC को लेटर लिखकर मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की। धमकी दी कि डिमांड पूरी नहीं हुई तो एशिया कप का बायकॉट करेंगे। इसके बावजूद ICC ने यह मांग ठुकरा दी।
-
पाकिस्तानी बोर्ड ने दूसरा लेटर लिखकर कहा कि कम से कम पाकिस्तान के मैचों से एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाया जाए, लेकिन यह डिमांड भी ICC ने नहीं मानी।
-
UAE के खिलाफ मैच वाले दिन (17 सितंबर) सुबह खबर आई थी कि पाकिस्तान टीम मैच खेलने के लिए तैयार है। PCB ने बायकॉट करने का फैसला बदल दिया है।
-
शाम 6 बजे पाकिस्तान टीम को मैच खेलने के लिए दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पहुंचना था, लेकिन टीम होटल में ही रुकी रही।
-
PCB ने टीम को होटल में ही रुकने के लिए कह दिया था। यहां मीडिया रिपोर्ट्स में खबरें आईं कि पाकिस्तानी टीम यह मैच नहीं खेलेगी।
-
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) और PCB के चीफ मोहसिन नकवी ने इमरजेंसी मीटिंग की। इसी दौरान एक घंटे बाद पाकिस्तान टीम को स्टेडियम पहुंचने और मैच खेलने के आदेश दिए।
-
पाकिस्तान टीम स्टेडियम पहुंची। 8 बजे का मैच एक घंटे की देरी से यानी 9 बजे रात को खेला गया।

