एशिया कप 2025-2577: सहवाग बोले- अभिषेक, वरुण और जस्सी का रोल अहम; ये तीनों अपने दम पर ट्रॉफी जिता सकते हैं
Published:
3 min read

अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए T20I डेब्यू 6 जुलाई 2024 को जिम्बाब्वे खिलाफ किया था। (फोटो फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क-पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम को लेकर बड़ी बात कही है। फैंस को सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल से उम्मीद है कि ये गेम चेंजर होगे। हालांकि, सहवाग इससे अलग राय रखते हैं। वीरू का कहना है कि अगर भारत को यह इवेंट जीतना है तो अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती, और जसप्रीत बुमराह खास रोल अदा करेंगे।
अभिषेक- वरुण और बुमराह गेम चेंजर
सहवाग ने एक इंटरव्यू में कहा-अभिषेक शर्मा गेम चेंजर बन सकते हैं। बुमराह तो मैच बदलने में माहिर हैं। वरुण चक्रवर्ती की मिस्ट्री बॉलिंग बहुत असरदार रही है, खासकर टी20 फॉर्मेट में। ये तीनों ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपने दम पर मैच जिता सकते हैं।
सहवाग का यह बयान चौंकाने वाला है। भारत की टीम में सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल जैसे अनुभवी प्लेयर होने के बाद भी सहवाग ने यंग ब्रिगेड चुनी है, हालांकि इसमें जसप्रीत भी शामिल हैं।
सहवाग ने अभिषेक पर कहा - वह जिस इंटेंट से बैटिंग करते है, वो एशिया कप मे इंडिया के काम आएगी। अभिषेक ने आखिरी T-20I सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ 54 बॉल पर 135 रन बनाए। वह कभी भी मैच पलट सकते हैं।
वरुण मिस्ट्री स्पिनर
सहवाग ने वरुण पर कहा- वह ऐसे गेंदबाज हैं जिन्हें बल्लेबाज समझ नहीं पाते। उनकी मिस्ट्री स्पिन एशिया कप में टीमों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है। उन्होंने पहले भी टी20 टूर्नामेंट्स में काफी अच्छा परफॉर्म किया है।
इसके बाद जस्सी के बारे में कहा- वह गेम चेंजर पहले से ही हैं। उनकी यॉर्कर, तेज और सटीक लाइन-लेंथ भारत की बॉलिंग को मजबूत बनाती हैं। सहवाग का मानना है कि बुमराह हमेशा से ही मैच के रुख को बदलने वाले खिलाड़ी रहे हैं और इस टूर्नामेंट में भी वही करेंगे।
सूर्यकुमार अच्छे कप्तान हैं
सहवाग ने सूर्यकुमार को अच्छा कप्तान बताया। कहा- पिछली 4 T20I सीरीज भारत ने जीतीं। सूर्यकुमार का होना इंडिया को हिम्मत देगा। और वह अच्छे कप्तान हैं।
सहवाग का मानना है कि भारत फिलहाल एशिया की सबसे अच्छी टीम है। उन्होंने कहा- भारत ने अभी हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप जीता है और इसी आत्मविश्वास के साथ एशिया कप में भी जीत दर्ज करेगा।
14 सितंबर को पाकिस्तान से मुकाबला
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा।
एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

