न्यूट्रल वेन्यू पर होगा एशिया कप: रिपोर्ट में दावा- BCCI ने मंजूरी दी, भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में होंगे
Published:
2 min read

मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि BCCI ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। माना जा रहा है कि ये सितंबर में खेला जाएगा और भारत-पाकिस्तान की टीमें एक ही ग्रुप में होंगी। ( फाइल फोटो )
मुंबई. एशिया कप 2025 न्यूट्रल वेन्यू पर खेला जाएगा। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि BCCI ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। माना जा रहा है कि ये सितंबर में खेला जाएगा और भारत-पाकिस्तान की टीमें एक ही ग्रुप में होंगी।
पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्ते बेहद खराब हो गए थे। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। इसमें पाकिस्तान में मौजूद आतंकी पनाहगाहों और उसके कई एयरबेस तबाह कर दिए गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक- ऑपरेशन सिंदूर में 100 से ज्यादा आतंकी भी मारे गए।
टी-20 फॉर्मेट में होगा एशिया कप
इंडिया टुडे की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एशिया कप टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। गुरुवार को एशियन क्रिकेट काउंसिल की (ACC) एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) ढाका में हुई। इसमें एशिया कप को लेकर फैसला किया गया। भारत इसमें वर्चुअली शामिल हुआ।
माना जा रहा है कि एशिया कप दुबई या अबुधाबी में खेला जाएगा। वैसे इसकी मेजबानी भारत को करनी है। BCCI के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी के बीच जल्द ही मुलाकात होने वाली है। इसके बाद एशिया कप से जुड़ी बातों का ऑफिशियल अनाउंसमेंट होगा। नकवी ACC के चेयरमैन भी हैं।
सितंबर में ही क्यों
माना जा रहा है कि एशिया कप 7 सितंबर से इसी महीने के आखिरी हफ्ते में कभी भी हो सकता है। इस दौरान ही टीमों के पास वक्त है कि वो यहां खेल सकें। इसके बाद अगले साल यानी 2026 के फरवरी महीने में टी-20 वर्ल्ड कप भी होना है। शुक्ला और नकवी स्पॉन्सर्स को लेकर भी फैसला करेंगे। सितंबर में 19 दिन का विंडो पीरिएड है।
इस बारे में माना जा रहा है कि ज्यादातर स्पान्सर भारत के ही होंगे। इसके अलावा ब्रॉडकास्टर भी भारत का ही होगा। रेवेन्यू शेयरिंग का फैसला बाद किया जाएगा। BCCI की टीम मीटिंग के लिए ढाका नहीं गई। इसकी वजह बांग्लादेश के अंदरूनी हालात बताए जा रहे हैं। इसके अलावा टीम इंडिया को अगस्त 2025 में बांग्लादेश दौरे पर जाना था। इसे भी टाल दिया गया है।

