एशिया कप में सबसे ज्यादा मैच जीतने की रेस: श्रीलंका के ठीक पीछे इंडिया... पाकिस्तान कोसों दूर; नेपाल-हॉन्ग कॉन्ग का खाता नहीं खुला
Published:
2 min read

टी20 फॉर्मेट में होने वाले एशिया कप 2025 में भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव संभालेंगे। (BCCI)
एशिया कप में भारतीय टीम और श्रीलंंका के बीच सबसे ज्यादा मैच जीतने की रेस चल रही है। फिलहाल, श्रीलंका टॉप पर है। उसके बाद टीम इंडिया का नंबर आता है। तीसरे पर पाकिस्तान है, लेकिन यह टीम कोसों पीछे है। इस लिस्ट में 2 टीमें ऐसी भी हैं, जिन्होंने जीत का खाता तक नहीं खोला। यह दोनों टीमें नेपाल और हॉन्ग कॉन्ग हैं।
एशिया कप (वनडे-टी20) में सबसे ज्यादा 44 मुकाबले जीतने का रिकॉर्ड अभी श्रीलंका के नाम है। दूसरा नंबर भारतीय टीम का है, जिसने 43 मैच जीते हैं। पाकिस्तानी टीम 33 मैच जीतकर दोनों से काफी पीछे है।
श्रीलंका को पीछे छोड़ सकती है भारतीय टीम
अगला एशिया कप इसी महीने यानी 9 से 28 सितंबर तक UAE में खेला जाएगा। इसमें टीम इंडिया के पास श्रीलंका को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका रहेगा। श्रीलंकाई टीम भी अपनी बादशाहत बरकरार रखना चाहेगी।
एशिया कप अब तक दोनों फॉर्मेट वनडे और टी20 में खेला जाता है। इस बार 17वां सीजन खेला जाएगा। इससे पहले हुए एशिया कप के 16 सीजन में दो बार (2016, 2022) टी20 फॉर्मेट में खेला गया। इस बार भी इसी फॉर्मेट में होगा। जबकि 14 सीजन वनडे फॉर्मेट में हुए हैं।

इस बार टी20 फॉर्मेट में होगा टूर्नामेंट
वर्ल्ड कप के हिसाब से एशिया कप का फॉर्मेट चेंज कर दिया जाता है। यदि वनडे वर्ल्ड कप के ठीक पहले यह टूर्नामेंट होता है, तो इसे वनडे फॉर्मेट में ही खेला जाता है। इसे चलते एशियाई टीमों की प्रैक्टिस भी हो जाती है। टी20 वर्ल्ड कप से पहले इसको टी20 फॉर्मेट में कर दिया जाता है। अगले साल टी20 वर्ल्ड कप होना है। इस वजह से इस बार एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा।
भारत ने 8 बार एशिया कप जीता
1984 में एशिया कप का पहला सीजन वनडे फॉर्मेट में UAE की मेजबानी में खेला गया था। तब टूर्नामेंट में सिर्फ तीन ही टीमें भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका थीं। दूसरे सीजन से बांग्लादेश को भी शामिल किया गया था। पहले सीजन में भारतीय टीम चैम्पियन बनी थी। अब तक टूर्नामेंट में भारत का ही दबदबा रहा है।

एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

