एशिया कप मैचों की टाइमिंग में बदलाव: 19 में से 18 मुकाबले भारत में रात 8 बजे से शुरू होंगे, UAE में गर्मी के कारण लिया फैसला
Published:
2 min read

एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क। सितंबर में होने वाले एशिया कप 2025 को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। UAE में होने वाली तेज गर्मी के चलते टूर्नामेंट के मैचों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। पहले यह मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से शुरू होने थे।
अब भारत में यह मुकाबले रात 8 बजे से लाइव होंंगे। एशिया कप में फाइनल समेत कुल 19 मुकाबले होंगे, लेकिन यह टाइमिंग में बदलाव सिर्फ 18 मैचों के लिए हुआ है।
गल्फ स्टेंडर्ड टाइम (GST) और भारतीय स्टेंडर्ड टाइम (IST) में 1 घंटे और 30 मिनट का अंतर है। GST के मुताबिक, 18 मैच शाम 6.30 बजे से खेले जाएंगे, जो भारत में रात 8 बजे से लाइव होंगे।
UAE-ओमान मैच का टाइम नहीं बदला
एशिया कप की मेजबानी भारत के पास है, लेकिन पाकिस्तान से राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया है। सितंबर के महीने में यहां UAE में बेहद गर्मी होती है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर चला जाता है। इस कारण मैच को आधा घंटे आगे किया गया है, ताकी प्लेयर्स को गर्मी से बचाया जा सके। ब्रॉडकास्टर भी इस बात के लिए राजी हैं।
19 में से सिर्फ एक ही मैच का टाइम नहीं बदला है। यह मुकाबला 15 सितंबर को मेजबान UAE और ओमान के बीच अबु धाबी में खेला जाएगा। एशिया कप का ओपनिंग मुकाबला 9 सितंबर को अफगानिस्तान और हॉन्ग कॉन्ग के बीच होगा।

14 सितंबर को इंडिया Vs पाकिस्तान मैच
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।


