'चैंपियन याद रखे जाते हैं, ट्रॉफी की तस्वीर नहीं' : सूर्यकुमार यादव का PAK मंत्री को करारा जवाब; मोहसिन नकवी की शिकायत करेगा BCCI
Published:
3 min read

सूर्य कुमार ने तिलक वर्मा के साथ फोटो शेयर की। इसमें फेक कप भी लगाया।
स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को दुबई में खेले गए एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी। इसी के साथ भारत ने 9वीं बार एशिया कप टाइटल अपने नाम किया। टीम इंडिया ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से पहले ही इनकार कर दिया था। नकवी पाकिस्तान सरकार में मंत्री भी हैं। इसके बाद भारतीय टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई। जब प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान नकवी स्टेज पर मौजूद थे, ऐसे में भारतीय टीम सेरेमनी में शामिल ही नहीं हुई। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने विनर मैडल लेने से भी इनकार कर दिया।
ऐसे में नकवी ने प्रेजेंटेशन रद्द कर दी और ट्रॉफी और मेडल लेकर स्टेडियम से बाहर चले गए। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर फेक ट्रॉफी की फोटो शेयर करते हुए नकवी पर तंज कसा है।
सूर्यकुमार ने पोस्ट में तिलक वर्मा के साथ फोटो शेयर की। इसमें फेक कप भी लगाया। उन्होंने लिखा, खेल के बाद सिर्फ चैंपियन याद रखे जाते हैं, ट्रॉफी की तस्वीर नहीं। शुभमन गिल ने भी एक फोटो शेयर की, इसमें वे अभिषेक शर्मा के साथ नजर आ रहे हैं। दोनों ने हाथ में फेक ट्रॉफी पकड़ी हुई है।

नकवी से ट्रॉफी नहीं लेना चाहता था भारत
टीम इंडिया ने फाइनल में जीत के बाद न तो ट्रॉफी ली और न ही इंडिविजुअल मैडल ही कलेक्ट किए। वजह? उन्हें यह ट्रॉफी एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चीफ मोहसिन नकवी से लेना पड़ती। और टीम मैनेजमेंट ये नहीं चाहता था। लिहाजा, टीम इंडिया ने न तो ट्रॉफी ली और न इंडिविजुअल मैडल्स। मोहसिन नकवी सिर्फ ACC के चेयरमैन ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान के इंटीरियर मिनिस्टर (गृह मंत्री) भी हैं। टीम इंडिया किसी भी सूरत में उनसे ट्रॉफी या मैडल नहीं लेना चाहती थी। इसकी एक वजह यह भी थी कि नकवी ने ऑपरेशन सिंदूर के वक्त भारत के बारे में घटिया बातें की थीं।
हालात ये थी कि पोस्ट फाइनल प्रेजेंटेशन सेरेमनी होस्ट कर रहे न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर और अब कमेंटेटर साइमन डूल को कहना पड़ा- देवियो और सज्जनो, ACC की तरफ से मुझे बताया गया है कि इंडियन क्रिकेट टीम आज ट्रॉफी या इंडिविजुअल मोमेंटोज कलेक्ट नहीं करेगी। इसलिए, हम ये प्रेजेंटेशन सेरेमनी यहीं कन्क्लूड यानी समाप्त करते हैं।
ICC से शिकायत करेगी BCCI
दुबई में फाइनल के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान ट्रॉफी को लेकर जो ड्रामा हुआ, उस पर BCCI की तरफ से उसके सेक्रेटरी देवजीत सैकिया का बयान आया। उन्होंने कहा- भारत जिस देश से जंग लड़ रहा है, उसका एक नेता हमारी टीम को ट्रॉफी देने वाला था, हमें ये कबूल नहीं था और इसलिए हमने उनसे ट्रॉफी नहीं ली। लेकिन, इसका ये मतलब नहीं है कि वो सज्जन (मोहसिन नकवी) ट्रॉफी और इंडिविजुअल मैडल्स अपने होटल लेकर चले जाएं। ये बर्दाश्त के बाहर है। ट्रॉफी जल्द से जल्द भारत लाई जाएगी। उन्हें कुछ तो सम्मान दिखाना चाहिए था। हम इस बारे में ICC के पास शिकायत दर्ज कराने जा रहे हैं।

