सुपर ओवर का सुपर कन्फ्यूजन: शनाका को अंपायर ने क्यों नहीं दिया रन आउट; जानिए यहां कि आखिर माजरा क्या था
Published:
3 min read

सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल सुपर ओवर खेलने आए थे। सूर्या ने पहली बॉल पर ही मैच जिता दिया। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में सुपर 4 स्टेज का आखिरी मैच। कहने को तो ये मैच फॉर्मेलिटी था। टीम इंडिया फाइनल में पहुंच चुकी थी और श्रीलंका खिताबी रेस से बाहर हो चुका था। लेकिन, मैच सुपर ओवर तक गया और सुपर ओवर में कुछ ऐसा हुआ कि फैन्स, प्लेयर और यहां तक कि फील्ड अंपायर भी कुछ हद ही सही, पर कन्फ्यूज।
भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 202 रन बनाए। श्रीलंका ने भी 20 ओवर में इतने ही यानी 202 रन बनाए। मैच सुपर ओवर में पहुंच गया और ये एशिया कप के इतिहास का पहला सुपर ओवर बन गया।
और अब मुद्दे की बात
सुपर ओवर में श्रीलंका ने पहले बैटिंग की। बॉलर थे अर्शदीप सिंह। इस ओवर की चौथी गेंद पर ही हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। और इसे ही हम ‘एब्सल्यूट कन्फ्यूजन’ कह रहे हैं। चलिए क्या हुए ये जानते हैं…
बॉलर थे अर्शदीप और सामने थे शनाका। अर्शदीप ने स्लोअर यॉर्कर की। इसकी लाइन ऑफ स्टंप के बाहर थी। शनाका ने जोर से बैट घुमायास, लेकिन गेंद सीधे विकेटकीपर संजू सैमसन के ग्लव्स में कैद हो गई।
इस बीच, शनाका रन लेने के लिए दौड़ पड़े। संजू ने अंडर आर्म थ्रो किया और बॉल बैटिंग एंड के स्टंप्स पर लगी। अर्शदीप ने अपील की और अंपायर ने शनाका को आउट करार दिया।
तभी अचानक शनाका ने रिव्यू मांग लिया। बिग स्क्रीन पर कुछ देर बाद ‘नॉट आउट’ फ्लैश हुआ।
सब हैरान और हों भी क्यों न…
उस वक्त हिंदी कमेंट्री बॉक्स में विवेक राजदान थे। उन्होंने भी हैरानी जाहिर की। वो भी नहीं समझ सके कि ये नॉट आउट कैसे है? क्योंकि शनाका तो टीवी स्क्रीन के फ्रेम में तक नहीं थे। यानी क्रीज से काफी दूर थे। लिहाजा उन्हें आउट होना चाहिए था।
बस यहीं तो दिक्कत थी…
दरअसल, कन्फ्यूजन ही यहीं था। हुआ ये कि जब अर्शदीप की इस बॉल पर शनाका ने तेज बैट घुमाया तो गेंद बल्ले के काफी करीब से गुजरी। किसी इंडियन प्लेयर ने अपील नहीं की। अपील तब हुई जब संजू ने अंडर आर्म थ्रो से गिल्लियां बिखेर दीं। इस बीच शनाका ने कॉट बिहाइंड का रिव्यू मांग लिया।
नियमों के हिसाब से अगर बैटर ने रिव्यू मांग लिया तो बॉल “डैड” हो जाती है। अब अगर बॉल डैड ही हो गई है तो कोई फैसला उस पर कैसे लिया जा सकता था? शनाका ने रिव्यू कॉट बिहाइंड पर मांगा, जबकि टीम इंडिया ने रन आउट की अपील की थी। कुल मिलाकर कन्फ्यूजन यहीं था। रिव्यू लेने के बाद बॉल डैड डिक्लेयर हो चुकी थी। इसलिए रन आउट नहीं माना गया।
अब इसे किस्मत कहिए या कुछ और कि अगली ही बॉल पर शनाका डीप कवर में जितेश शर्मा को कैच थमा बैठे और इस तरह श्रीलंका की सुपर ओवर की पारी खत्म हो गई।
मैच में इंडिया-श्रीलंका की प्लेइंग 11
भारतीय टीम: शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह।
श्रीलंकाई टीम: पथुम निसंका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा, कामिंदु मेंडिस, चरिथ असलंका (कप्तान), दासुन शनाका, वानिंदु हसारंगा, जनिथ लियानागे, दुष्मंथा चमीरा, महीश तीक्ष्णा और नुवान तुषारा।

