इंडिया Vs पाकिस्तान मैच का टिकट हुआ सस्ता: धीमी बिक्री के चलते प्राइस घटाए, 11 हजार वाला टिकट घटाकर 8 हजार का किया
Published:
2 min read

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने अपना पहला मैच UAE के खिलाफ जीता है। सलमान अली आगा की कप्तानी में पाकिस्तान टीम आज आगाज करेगी। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में सबसे बड़ा मैच रविवार (14 सितंबर) को होगा, जिसमें इंडिया और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद इस मैच का काफी विरोध भी हो रहा है। इसका असर मैच के टिकट्स पर भी पड़ा है। दुबई में होने वाले इस मैच के टिकट्स की बिक्री बेहद धीमी रही है।
यही कारण है कि अब ऑर्गनाइजर्स ने टिकट की कीमतें कम कर दी हैं ताकी स्टेडियम हाउसफुल हो सके। जिस टिकट की कीमत 475 दिरहम (करीब 11389 रुपए) थी, उसे अब 350 दिरहम (करीब 8392 रुपए) कर दिया गया है।
टिकट्स की धीमी बिक्री से अधिकारी भी हैरान
हालांकि प्रीमियम टिकट्स की बिक्री सबसे स्लो है। मैच में अभी 2 दिन ही बचे हैं और ज्यादातर टिकट्स अभी भी अनसोल्ड हैं। भारत-पाकिस्तान जैसे हाइवोल्टेज मैच में ऐसा बेहद कम या ना के बराबर ही देखने को मिलता है।
अधिकारियों ने भी इस बात पर हैरानी जाहिर की है। किसी भी अधिकारी को इस तरह की उम्मीद नहीं थी।
टीम इंडिया ने अपना पहला मैच जीता
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने इस एशिया कप 2025 में अपना पहला मैच UAE के खिलाफ खेला, जिसे 4.3 ओवर में 9 विकेट से जीत लिया है।
दूसरी ओर पाकिस्तान टीम है, जिसने अभी आगाज नहीं किया। सलमान अली आगा की कप्तानी में पाकिस्तान टीम अपना पहला मैच आज (12 सितंबर) ओमान के खिलाफ दुबई में खेलेगी।
पिछले मैच में पाकिस्तान के 6 रन से हराया था
भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच अब तक 13 टी20 मुकाबले हुए हैं। इसमें टीम इंडिया ने 10 मैच जीते, जबकि 3 में उसे हार मिली है। दोनों टीम के बीच पिछला टी20 मुकाबला 9 जून 2024 को हुआ था। न्यूयॉर्क में हुए वर्ल्ड कप के इस मैच में टीम इंडिया 6 रन से जीती थी।
एशिया कप के लिए भारत-पाकिस्तान के स्क्वॉड
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।
पाकिस्तानी टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमां, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन अफरीदी और सुफियान मुकीम।

