2 साल में इंडिया 86% और पाकिस्तान 44% T20I मैच जीता: भारत ने 11 तो PAK टीम सिर्फ 2 शतक लगा सकी; रन के मामले में सूर्या सबसे आगे
Published:
3 min read

एशिया कप के ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 15.5 ओवर में 7 विकेट से हराया था। अब टूर्नामेंट में 21 सितंबर को दोनों टीमों के बीच दूसरा मैच होगा। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड में आज (21 सितंबर) भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा। यह मैच रात 8 बजे से दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पिछले 2 साल (20 सितंबर 2025 तक) का रिकॉर्ड देखें तो इसमें पाकिस्तान के मुकाबले टीम इंडिया काफी आगे नजर आती है। इस दौरान भारतीय टीम ने 86% और पाकिस्तान ने सिर्फ 44% T20I मैच जीते हैं।
खास बात यह भी है कि इन दो साल में दोनों टीम की ओर से कुल 13 शतक लगे। इसमें सबसे ज्यादा 11 सेंचुरी टीम इंडिया ने लगाईं, जबकि पाकिस्तान की ओर से सिर्फ 2 ही सेंचुरी लग सकीं। दोनों टीम के खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा रन की बात करें तो सूर्यकुमार यादव टॉप पर काबिज हैं।
टीम इंडिया ने 86.36% टी20 मैच जीते
पिछले 2 साल में भारतीय टीम ने 44 टी20 मैच खेले, जबकि पाकिस्तान ने उससे कई ज्यादा यानी 52 टी20 मुकाबले खेले हैं। हालांकि जीत के मामले में टीम इंडिया कोसों आगे है। भारतीय टीम ने इनमें से 38 मैच जीते, 5 हारे और एक मैच बेनतीजा रहा। इस तरह टीम ने 86.36 प्रतिशत मैच जीते हैं।
दूसरी ओर पाकिस्तान ने 52 में से 23 मैच जीते और 27 हारे हैं। इस दौरान एक मैच बेनतीजा रहा। इस तरह पाकिस्तान टीम ने इन 2 सालों में 44.23 प्रतिशत मैच जीते हैं।
संजू सैमसन ने लगाए सबसे ज्यादा 3 शतक
इन दो सालों में भारतीय टीम के लिए 7 क्रिकेटर्स ने 11 शतक लगाए। विकेटकीपर बैटर संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 3 सेंचुरी लगाईं। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने 2-2 शतक लगाए। ऋतुराज गायकवाड़, यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार भी 1-1 सेंचुरी लगा चुके हैं।
पाकिस्तान टीम की ओर से इन दो साल में सिर्फ 2 ही शतक लगे हैं। यह दोनों सेंचुरी हसन नवाज और मोहम्मद हारिस ने लगाई हैं। यह दोनों एशिया कप 2025 में खेल रहे हैं। भारत की ओर से 7 शतकवीरों में से 4 प्लेयर टूर्नामेंट में खेल रहे हैं।
रन के मामले में सूर्या टॉप पर काबिज
रन के मामले में भी इंडियन प्लेयर्स ही आगे हैं। इन दो सालों में भारत-पाकिस्तान के बल्लेबाजों का रिकॉर्ड देखा जाए तो इसमें सूर्या टॉप पर काबिज हैं। सूर्या ने इस दौरान 33 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें 28.96 के एवरेज से 811 रन बनाए।
उनके बाद पाकिस्तान के तीन प्लेयर फखर जमां (761), बाबर आजम (738) और सईम अयूब (693) का नंबर है। तिलक वर्मा 635 रन के साथ पांचवें नंबर पर हैं। उनके बाद अभिषेक शर्मा के 634 रन हैं।
एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के स्क्वॉड
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।
पाकिस्तानी टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमां, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन आफरीदी और सुफियान मुकीम।

