पाकिस्तान के खिलाफ जीत भारतीय सेना को समर्पित: टीम इंडिया के कप्तान सूर्या ने कहा- हम पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़े हैं
Published:
2 min read

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया पर यह फोटो शेयर करते हुए भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव का बयान जारी किया है।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 में पाकिस्तान टीम को 15.5 ओवर में ही 7 विकेट से हराया है। पहलगाम आतंकी हमला और ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह भारत-पाकिस्तान के बीच पहला मैच था। ऐसे में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने यह जीत ऑपरेशन सिंदूर में साहस दिखाने वाले भारतीय जवानों को समर्पित की है।
साथ ही मैच के बाद सूर्या ने कहा कि पूरी भारतीय टीम पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है। जब भी पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर मैच खेलने का मौका मिलेगा तो जीत दर्ज कर भारतीय जवानों के चेहरों पर स्माइल लाने का मौका लाते रहेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया पर सूर्यकुमार का बयान जारी किया है।
मैच में पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया
इस मैच में टॉस के समय भारतीय कप्तान सूर्या ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिला था। इसके अलावा मैच जीतने के बाद भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया। छक्का लगाकर मैच जिताने के बाद कप्तान सूर्या और नॉनस्ट्राइक पर खड़े शिवम दुबे ने एक दूसरे से हाथ मिलाया और ड्रेसिंग रूम की ओर लौट आए थे।
सूर्या ने मैच के बाद क्या कहा?
मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा - हम पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़े हैं। हम उनके लिए एकजुटता दिखाते हैं। यह जीत अपनी आर्म्ड फोर्स को समर्पित करते हैं, जिन्होंने शानदार साहस दिखाया (ऑपरेशन सिंदूर में)। उम्मीद करते हैं कि वे हमें ऐसे ही इंस्पायर करते रहेंगे। हमें जब भी मैदान पर मौका मिलेगा, हम उन्हें स्माइल करने की वजह देते रहेंगे।
मैच में इंडिया की प्लेइंग-11
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती।
मैच में पाकिस्तान की प्लेइंग-11
साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमां, सलमान अली आगा (कप्तान), हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सुफियान मुकीम और अबरार अहमद।

