एशिया कप 2025 - IND vs PAK: गांगुली बोले- टेरेरिज्म गुनाह और भारत का रवैया सख्त, लेकिन खेल भी जारी रहना चाहिए
Published:
2 min read

सौरभ गांगुली भारत के कप्तान और BCCI के पूर्व अध्यक्ष रह चुके है। (फोटो क्रेडिट:ICC)
पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच पहली बार क्रिकेट होने जा रहा है। एशिया कप 2025 न्यूट्रल वेन्यू पर खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में हैं। मई में कश्मीर के पहलगाम हमले में 26 लोगों के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ किया था।
अब भी कुछ लोग भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट को गलत बता रहे हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जिनका मानना है कि खेलों को इन मामलों से दूर रखना चाहिए।
14 सितंबर को पाकिस्तान से मैच
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक को खेला जाएगा। इसके सभी मैच UAE के अबुधाबी और दुबई में खेले जाएंगे। टीम इंडिया पहला मैच 10 सितंबर को UAE से खेलेगी। 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान आमने सामने होंगे।
टीम इंडिया के ग्रुप में पाकिस्तान के अलावा ओमान और UAE हैं। दूसरे ग्रुप में श्रीलंका, बांग्लादेश और हॉन्गकॉन्ग हैं।
फाइनल के पहले दो बार टकरा सकते हैं भारत और पाकिस्तान
ACC ने ऐसा प्लान बनाया है। कि भारत और पाकिस्तान का मैच कम से कम दो बार हो। एक बार ग्रुप स्टेज में और फिर सुपर फोर राउंड में। अगर दोनों टीमें फाइनल में पहुंचती हैं, तो तीसरा मैच भी तय हो जाएगा।
गांगुली बोले- पाकिस्तान से खेलना गलत नहीं
भारत के पूर्व कप्तान और BCCI के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होने से कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि खेल चलते रहना चाहिए। ANI से बातचीत में गांगुली ने कहा- मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है। खेल नहीं रुकना चाहिए। हां, पहलगाम जैसे आतंकी घटनाएं भी हम स्वीकार नहीं कर सकते। आतंकवाद गलत और भारत ने इसके खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं।
WCL मैच रद्द कर दिया गया था
पिछले हफ्ते वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दिया था। ये मैच रिटायर्ड क्रिकेटर्स की टीम्स के बीच होना था। इसमें इंडिया लीजेंड्स की कप्तानी युवराज सिंह करने वाले थे।
पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार करने वाले शिखर धवन पहले खिलाड़ी थे। इसके बाद मोहम्मद कैफ, सुरेश रैना, इरफान पठान और हरभजन सिंह और युवराज ने भी इस मैच में हिस्सा लेने से इनकरार कर दिया था।

