भारत-पाकिस्तान के बीच दूसरा मैच होना मुश्किल: UAE ने बिगाड़ा एशिया कप का समीकरण, पाकिस्तान अगला मैच हारी तो होगी बाहर, देखिए सिनेरियो
Published:
3 min read

14 सितंबर को हुए मैच में टॉस के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था। मैच जीत के भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाए थे। (@ACC)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में एक बड़ा उलटफेर होता नजर आ रहा है। मेजबान टीम UAE ने ओमान को हराकर सुपर-4 राउंड के लिए क्वालिफाई करने का पूरा सिनेरियो ही चेंज कर दिया है। अब पाकिस्तान टीम पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। यदि PAK टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर होती है तो 21 सितंबर को इंडिया-पाकिस्तान के बीच टूर्नामेंट का दूसरा मैच नहीं हो सकेगा।
दरअसल, टीम इंडिया ने पहले ही शुरुआती 2 मैच जीतकर सुपर-4 राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है। इसी ग्रुप में पाकिस्तान और UAE टीम हैं। दोनों ने ही अब तक अपने शुरुआती 2 मैचों में से 1-1 जीत दर्ज की है।
अगला मैच हारते ही पाकिस्तानी टीम बाहर होगी
इस तरह पॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम के बाद दूसरे नंबर पर पाकिस्तान है, जिसके 2 पॉइंट्स और नेट रनरेट 1.649 का है। दूसरी ओर ओमान को हराने के बाद अब UAE टीम के भी 2 अंक हो गए हैं। यह टीम तीसरे नंबर पर है, क्योंकि उसका नेट रनरेट -2.030 है। ओमान शुरुआती दोनों मैच हारकर बाहर हो गई है।
इसी बीच खास बात ये है कि ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान और UAE की टीम को अपना आखिरी मैच एकदूसरे के खिलाफ ही खेलना है। यह मैच दोनों ही टीमों के लिए करो या मरो का रहने वाला है। यदि UAE उलटफेर करती है और जीत दर्ज करती है तो उस स्थिति में पाकिस्तानी टीम बाहर होगी।
पाकिस्तान का अगला मुकाबला UAE से होगा
दूसरा सिनेरियो ये है कि पाकिस्तान टीम यह मैच जीत ले। यदि ऐसा होता है तो UAE की टीम बाहर होगी। तब ग्रुप-ए से भारतीय टीम के साथ पाकिस्तान सुपर-4 राउंड के लिए क्वालिफाई करेगी। यदि ऐसा होता है तो 21 सितंबर को एक बार फिर इंडिया-पाकिस्तान के बीच मैच देखने को मिलेगा।
सुपर-4 राउंड में एंट्री के लिए पाकिस्तान को अगला मैच UAE से हर हाल में जीतना ही होगा। यह मैच बुधवार (17 सितंबर) को दुबई में होगा। इस मैच में जीतने वाली टीम सीधे सुपर-4 राउंड में एंट्री करेगी। उस स्थिति में नेट रनरेट मायने नहीं रहेगा। हालांकि मैच टाई होने या बेनतीजा रहने की स्थिति में नेट रनरेट देखा जाएगा। उस स्थिति में पाकिस्तान टीम क्वालिफाई कर लेगी।
21 सितंबर को ग्रुप-ए की टॉप-2 टीमों के बीच मैच
सुपर-4 राउंड के लिए दोनों ग्रुप से टॉप-2 टीमें क्वालिफाई करेंगी। इस राउंड में चारों टीमें एकदूसरे के खिलाफ राउंड रॉबिन फॉर्मेट के तहत मैच खेलेंगी। इसमें 21 सितंबर को ग्रुप-ए की टॉप-2 टीमों के बीच मैच शेड्यूल है। टीम इंडिया ने पहले ही क्वालिफाई कर लिया है। अब देखना होगा कि 21 सितंबर को इंडिया से पाकिस्तानी टीम भिड़ेगी या फिर UAE की टीम।
ग्रुप-ए में भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को मैच हुआ था, जिसमें टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। मैच में पाकिस्तान ने 128 रन का टारगेट दिया था, जिसे टीम इंडिया ने 15.5 ओवर में 3 विकेट गंवाकर चेज कर लिया।

