एशिया कप 2025-2203: पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर चुप्पी; BCCI के मीडिया मैनेजर ने चीफ सिलेक्टर और कप्तान को जवाब देने से रोका
Published:
3 min read

एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच मैच 14 सितंबर को दुबई में होगा। (फोटो फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. 19 अगस्त 2025 को मुंबई में एशिया कप के लिए भारत की क्रिकेट टीम का ऐलान किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर मौजूद थे। इसी दौरान एक रिपोर्टर ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने या न खेलने से जुड़ा सवाल पूछा तो BCCI के मीडिया मैनेजर ने दखल दिया और दोनों को जवाब देने से रोक दिया।
पहलगाम हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को मिलिट्री एक्शन के जरिए जवाब दिया था। इसके बाद से दोनों मुल्कों में जबरदस्त तनाव है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या हुआ
जब एक रिपोर्टर ने पाकिस्तान से जुड़ा सवाल किया तो अजीत अगरकर जवाब देने जा रहे थे, लेकिन BCCI के मीडिया मैनेजर ने उन्हें रोक दिया। BCCI के इस अफसर ने कहा- यह प्रेस कॉन्फ्रेंस टीम सिलेक्शन के बारे में है। इसलिए सिर्फ वही सवाल पूछें जो टीम और सिलेक्शन से जुड़े हैं। किसी और सवाल का जवाब यहां नहीं दिया जा सकता।
बुमराह- गिल की 1 साल बाद वापसी
जसप्रीत बुमराह ने अपना आखिरी मैच 2024 में T20I वर्ल्ड कप फाइनल साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था। इसके अलावा गिल ने अपना लास्ट T20I इंटरनेशनल श्रीलंका के सामने खेला था।
एशिया कप में तीन मैच हो सकते है
भारत और पाकिस्तान का लीग मैच 14 सितंबर को दुबई में होना है। इसके बाद ये टीमें 21 सितंबर लास्ट 4 के तहत फिर आमने-सामने हो सकती हैं। अगर यही टीम्स फाइनल में पहुंचीं, तो फिर मैच होगा और इस तरह इस एशिया कप में ही दोनों के तीन मुकाबले मुमकिन हैं।
बड़ा सवाल… क्या एशिया कप हो पाएगा?
भले ही भारत और पाकिस्तान का टीम अनाउंसमेंट हो चुका हो, लेकिन ये सवाल अब भी बना हुआ है कि क्या टीम इंडिया एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ उतरेगी। दूसरा सवाल ये भी है कि इन दो मेजर टीमों का मुकाबला न होने की हालत में यह एशिया कप हो भी सकेगा या नहीं? यह सवाल इसलिए भी अहम है क्योंकि BCCI सिर्फ टीम का ऐलान कर सकती है, लेकिन टीम भेजने का आखिरी फैसला भारत सरकार को करना है। उसके ग्रीन सिग्नल के बिना टीम का जाना नामुमकिन है।
जाधव और हरभजन का विरोध
भारत के पूर्व प्लेयर हरभजन सिंह और केदार जाधव ने कहा है कि भारत को पाकिस्तान से नहीं खेलना चाहिए। केदार जाधव ने तो ये भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ये मैच होगा। इससे पहले वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भी भारतीय पूर्व प्लेयर ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दिया था और वो मैच रद्द हो गया था।
एशिया कप के लिए इंडिया का स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान) शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर) और हर्षित राणा।

