फिर हो सकता है इंडिया Vs पाकिस्तान मैच: श्रीलंका की हार से बना दिलचस्प सिनेरियो, बांग्लादेश बिगाड़ सकता है खेल; जानिए समीकरण
Published:
3 min read

टीम इंडिया ने इस बार एशिया कप में पाकिस्तान को पहले ग्रुप स्टेज में 7 विकेट से हराया था। फिर सुपर-4 मैच में 6 विकेट से हराया था। (@ACC)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में एक बार फिर इंडिया Vs पाकिस्तान मैच हो सकता है। मंगलवार (23 सितंबर) को पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराकर दिलचस्प सिनेरियो बनाया है। हालांकि अब सभी की नजरें बांग्लादेश टीम पर है, जो इंडिया-पाकिस्तान मैच के समीकरण को बिगाड़ सकती है। एशिया कप का फाइनल 28 सितंबर को दुबई में होगा।
इस टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान के बीच दो मैच हो चुके हैं। यह दोनों ही टीम इंडिया ने जीते हैं। पहले ग्रुप स्टेज में 7 विकेट से हराया था। फिर सुपर-4 मैच में 6 विकेट से हराया था। अब फाइनल में तीसरी बार टक्कर की उम्मीद की जा रही है।
आइए जानते हैं चारों टीमों के फाइनल में पहुंचने का सिनेरियो…
इंडिया: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने अपना पहला मैच जीत लिया है। उसने पाकिस्तान को हराया था। अब इंडिया को दूसरा मैच आज (24 सितंबर) बांग्लादेश से खेलना है। यह मैच जीतते ही टीम इंडिया फाइनल में जगह पक्की कर लेगी, लेकिन श्रीलंका बाहर हो जाएगी।
श्रीलंका: सुपर-4 में यह टीम अपने शुरुआती 2 मैच हार चुकी है। पहले बांग्लादेश ने हराया, फिर पाकिस्तान ने शिकस्त दी। अब यदि श्रीलंका को फाइनल में पहुंचना है, तो उसे अपना आखिरी मैच टीम इंडिया के खिलाफ हर हाल में जीतना होगा। साथ ही उम्मीद करनी होगी कि टीम इंडिया अपने अगले दोनों मैच हारे। यह मुकाबले बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाफ होने हैं।
पाकिस्तान: सलमान अली आगा की कप्तानी वाली इस टीम ने शुरुआती 2 में से एक ही मैच जीता है। अब सुपर-4 में PAK टीम का आखिरी मैच गुरुवार (25 सितंबर) को बांग्लादेश से होगा। यदि पाकिस्तान टीम यह मैच जीतती है तो फाइनल में एंट्री कर लेगी। हालांकि इसके लिए दुआ करनी होगी कि टीम इंडिया 24 सितंबर को होने वाले मैच में बांग्लादेश को हरा दे।
बांग्लादेश: लिटन दास की कप्तानी वाली इस टीम के लिए फाइनल में पहुंचने का एक ही और सीधा तरीका है। उसे अपने अगले 2 मैचों में से हर हाल में एक जीतना होगा। यह टीम अगले दोनों मैचों में जिससे भी हारेगी, बस वही टीम फाइनल में पहुंचेगी। बांग्लादेश के अगले दोनों मैच इंडिया और पाकिस्तान के खिलाफ हैं। उसने पहले मैच में श्रीलंका को हराया था।
पॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम टॉप पर
सुपर-4 में तीन मैच के बाद पॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम टॉप पर काबिज है। उसने एक मैच खेला और जीता है। इंडिया के 2 पॉइंट्स और नेट रनरेट 0.689 का है। दो में से एक मैच जीतकर पाकिस्तान दूसरे नंबर पर पहुंच गया है।
तीसरे नंबर पर बांग्लादेश टीम है, जिसने एक मैच खेला और जीता है। उसके 2 पॉइंट्स और नेट रनरेट 0.121 का है। श्रीलंका ने अपने शुरुआती दोनों मैच गंवा दिए हैं। यह टीम सबसे नीचे यानी चौथे नंबर पर है।

