दुबई में 7वीं बार भिड़ेंगे इंडिया-पाकिस्तान: इस दौरान पाकिस्तान ने 4 और भारतीय टीम ने 3 कप्तान बदले; अब सूर्या के सामने सलमान
Published:
2 min read

ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था। (@ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. इस मैदान पर इंडिया-पाकिस्तान के बीच पहला मैच 19 सितंबर 2018 को वनडे हुआ था। इसमें भारतीय टीम 8 विकेट से जीती थी। तब टीम इंडिया की कप्तानी रोहित शर्मा और पाकिस्तानी की कप्तानी विकेटकीपर सरफराज अहमद संभाल रहे थे।
तब से अब तक इंडिया और पाकिस्तान के बीच इस मैदान पर 6 इंटरनेशनल मैच हुए, जिसमें 3 वनडे और 3 ही टी20 मुकाबले रहे। इसमें टीम इंडिया ने तीनों वनडे और एक टी20 मैच जीता। पाकिस्तान ने सिर्फ 2 टी20 मुकाबले जीते।
टीम इंडिया की कप्तानी रोहित-कोहली ने की
इन 6 मैचों में पाकिस्तान ने 3 कप्तान बदले, जबकि टीम इंडिया के 2 ही कप्तान रहे। इस दौरान पाकिस्तान की कप्तानी सरफराज (2) के अलावा बाबर आजम (3) और मोहम्मद रिजवान (1) ने संभाली। टीम इंडिया के लिए 5 मैच में रोहित और एक में विराट कोहली कैप्टन रहे।
कोहली ने 2021 टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की कप्तानी संभाली थी। तब ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान से मैच हुआ था, जिसमें भारतीय टीम को 10 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।
इस बार भारतीय टी20 टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव संभाल रहे हैं। दूसरी ओर पाकिस्तानी टीम की कमान सलमान अली आगा को मिली है। हर बार की तरह टीम इंडिया इस बार भी काफी मजबूत नजर आ रही है।

इस साल इंडिया-पाकिस्तान के बीच दूसरा मैच
दुबई में भारत-पाकिस्तान के बीच आखिरी मुकाबला इसी साल 23 फरवरी को ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के तहत हुआ था। इस वनडे मुकाबले में रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था। इस बार टीम इंडिया ने ही चैम्पियंस ट्रॉफी खिताब भी जीता था। ऐसे में इस साल भारत-पाकिस्तान के बीच यह दूसरी टक्कर है।
एशिया कप में इंडिया-पाकिस्तान के स्क्वॉड:
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।
पाकिस्तानी टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमां, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन आफरीदी और सुफियान मुकीम।

