एशिया कप की प्लेइंग-11 में गिल या संजू: ओपनिंग या नंबर-4, किस पोजिशन पर खेलेंगे उपकप्तान; एशिया कप में क्या होगा भारतीय प्लान
Published:
3 min read

शुभमन गिल ने अब तक वनडे और T20I में अब तक इस नंबर पर बैटिंग नहीं की है। संजू सैमसन टी20 में ओपनिंग करते आए हैं। (ICC)
एशिया कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम की कप्तान सूर्यकुमार यादव ही संभाल रहे हैं। शुभमन गिल को उपकप्तान बनाया गया है। गिल की एक साल बाद टी20 इंटरनेशनल में एंट्री हुई है। उनके आने से बैटिंग कॉम्बिनेशन गड़बड़ा सकता है।
गिल की एंट्री से विकेटकीपर बैटर संजू सैमसन की जगह खतरे में नजर आ रही है। दरअसल, अब तक ओपनिंग में अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन ही ओपनिंग करते आ रहे थे।
गिल नंबर-4 पर भी उतर सकते हैं
जबकि टी20 फॉर्मेट में गिल भी ओपनिंग में ही आते हैं। ऐसे में गिल के आने से संजू बाहर बैठ सकते हैं। यदि संजू भी खेलते हैं और उन्हें ओपनिंग में भेजा जाता है, तो गिल को नंबर-4 पर उतारा जा सकता है, क्योंकि नंबर-3 पर तिलक वर्मा आते हैं।
नंबर-4 पर एक गड़बड़ मामला यह भी है कि गिल ने अब तक वनडे और T20I में अब तक इस नंबर पर बैटिंग नहीं की है। हालांकि टेस्ट में जरूर उन्होंने नंबर-4 पर धमाल मचाया है। गिल ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट की सीरीज में नंबर-4 पर बैटिंग की थी।
T20I में गिल की बैटिंग पोजिशन
नंबर-1:
3 मैच, 20 रन, 6.66 औसत
नंबर-2:
18 मैच, 558 रन, 34.87 औसत
ODI में गिल की बैटिंग पोजिशन
नंबर-2:
50 मैच, 2509 रन, 59.73 औसत
नंबर-3:
5 मैच, 266 रन, 53.20 औसत
इस तरह हो सकता है बैटिंग ऑर्डर
गिल ने इस सीरीज में सबसे ज्यादा 754 रन बनाए थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया था। हो सकता है टीम मैनेजमेंट उन्हें टी20 में भी नंबर-4 पर उतारने का विचार कर रहा हो। इसका एक संकेत ये भी मिलता है कि एशिया कप में श्रेयस अय्यर को जगह नहीं मिली है, जो नंबर-4 पर आते हैं।
ऐसे में पूरी संभावना है कि गिल को नंबर-4 पर उतारा जा सकता है। ओपनिंग में अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन। नंबर-3 पर तिलक वर्मा और फिर गिल आ सकते हैं। इसके बाद सूर्या, हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल लाइनअप में रहेंगे। यह कॉम्बिनेशन टीम के लिए सही बैठ सकता है।
गिल ओपनिंग करते हैं तो क्या होगा
दूसरा समीकरण ये भी है कि यदि गिल को अभिषेक के साथ ओपनिंग में भेजा जाता है, तो फिर मिडिल ऑर्डर में सूर्या ही हर बार की तरह नंबर-4 पर आ सकते हैं। इस कॉम्बिनेशन में भी बतौर विकेटकीपर संजू या जितेश शर्मा में से किसी एक को जगह मिलेगी। उन्हें मिडिल ऑर्डर में भेजा जा सकता है।
टेस्ट में गिल की बैटिंग पोजिशन
नंबर-1:
4 पारी, 28 रन, 7 औसत
नंबर-2:
25 पारी, 846 रन, 36.78 औसत
नंबर-3:
30 पारी, 1019 रन, 37.74 औसत
नंबर-4:
9 पारी, 743 रन, 82.55 औसत
नंबर-5:
1 पारी, 11 रन, 11 औसत
14 सितंबर को पाकिस्तान से मुकाबला
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

