एशिया कप में भारत-PAK मैच के बॉयकॉट की मांग: 1986 में श्रीलंका में हालात बिगड़ने पर भारत, 1990-91 में कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटा था
Published:
3 min read

एशिया कप 2025 अगले महीने से शुरू होने वाला है। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण कुछ लोग दोनों टीमों के मैच का विरोध कर रहे हैं। ज्यादातर का कहना है कि भारत को इस टूर्नामेंट का ही बायकॉट कर देना चाहिए।
बहरहाल, यह पहली बार नहीं होगा कि दोनों टीमें एशिया कप में एक-दूसरे के खिलाफ न खेलें। 1986 और 1990 में टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के मैच नहीं खेले थे। उस समय भी राजनीतिक हालात और दोनों देशों के बीच रिश्ते अच्छे नहीं थे।
इस बार एशिया कप की मेजबानी भारत कर रहा था। हालांकि, मौजूदा हालात के चलते इस टूर्नामेंट को UAE शिफ्ट कर दिया गया। पाकिस्तान चाहता था कि टूर्नामेंट को हाइब्रिड मॉडल में खेला जाए।
'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद इंग्लैंड में हुए वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में भी शिखर धवन, युवराज सिंह और इरफान पठान जैसे खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने से मना कर दिया था। बुधवार (13 अगस्त) को हरभजन सिंह ने कहा था— खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते। जब सीमा पर गोलियां चल रही हों, दोनों देशों के बीच तनाव हो, तो हम जाकर क्रिकेट नहीं खेल सकते और उसे बायकॉट करने की भी मांग की।
1986 में भारत ने छोड़ा था एशिया कप
1983 में श्रीलंका में सरकार और लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (LTTE) के बीच सिविल वॉर चल रहा था। हालत तब बिगड़े जब अनुराधापुरा बमबारी में करीब 146 लोग मारे गए थे। इस माहौल और खिलाड़ियों की सेफ्टी देखते हुए भारत ने श्रीलंका में होने वाले एशिया कप में हिस्सा लेने से मना कर दिया। 1986 में एशिया कप में केवल तीन टीम (श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश) ने हिस्सा लिया था। यह बांग्लादेश का पहला ODI इंटरनेशनल डेब्यू था। राउंड-रॉबिन मैचों के बाद श्रीलंका और पाकिस्तान फाइनल में पहुंचे। मेजबान श्रीलंका ने 5 विकेट से खिताब अपने नाम किया।
पाकिस्तान ने 1990-91 में छोड़ा था एशिया कप
1990-91 के एशिया कप में पाकिस्तान ने भारत के साथ बिगड़े रिश्तों के कारण टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से मना कर दिया। 1980 के आखिर में कश्मीर मुद्दे और सीमा पर बढ़ते तनाव ने दोनों देशों के संबंधों को खराब कर दिया था। भारत-पाकिस्तान मैच न होने से टूर्नामेंट में दर्शकों की संख्या में काफी गिरावट आई और खेल का लेवल भी कुछ हद तक कम हो गया। 1990-91 में एशिया कप का फाइनल भारत और श्रीलंका के बीच हुआ था। मेजबान भारत ने श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया।

