कमजोर फील्डिंग भारी पड़ सकती है: इरफान पठान बोले- फाइनल में अच्छी कैचिंग जरूरी; रवि शास्त्री ने कहा- दुबई स्टेडियम की लाइट में दिक्कत
Published:
2 min read

एशिया कप 2025 में सबसे ज्यादा कैच छोड़ने का रिकॉर्ड भारत के नाम है। 12 ड्रॉप्ड कैचेज के साथ यह टीम लिस्ट में सबसे ऊपर है।(फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में सबसे ज्यादा कैच छोड़ने का अनचाहा रिकॉर्ड भारत के नाम होता जा रहा है। 12 ड्रॉप कैचेस के साथ यह टीम लिस्ट में सबसे ऊपर है।
ऐसे में भारतीय टीम की फील्डिंग पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने कहा है कि अगर टीम ने कैच छोड़ने की गलतियां नहीं सुधारीं तो फाइनल में बड़ी दिक्कत आ सकती है।
4-5 कैच डाॅप करना सही नहीं
पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- खिलाड़ी मेहनत तो करते हैं, लेकिन मैदान में एक मैच में चार-पांच कैच ड्रॉप करना सही नहीं है। अगर सामने ऑस्ट्रेलिया या इंग्लैंड जैसी टीम होतीं तो ये गलती भारी पड़ सकती थी।

रवि शास्त्री की राय अलग
पठान की इस बात से रवि शास्त्री इत्तफाक नहीं रखते। शास्त्री ने कहा- स्टेडियम की लाइट्स (जिसे रिंग ऑफ फायर कहा जाता है) खिलाड़ियों की आंखों में आकर फील्डिंग में दिक्कत पैदा कर सकती हैं। वरुण चक्रवर्ती जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 2 विकेट लिए थे। उन्होंने टीम को सतर्क करते हुए कहा- फाइनल में कोई बहाना नहीं चलेगा। वरुण ने कहा- अगर आप मुझसे पूछें तो हां, रिंग ऑफ फायर आंखों के सामने आता है और थोड़ा ध्यान भटकता है। लेकिन हमें इसकी आदत डालनी होगी। इस लेवल पर बहाने नहीं दिए जा सकते। हमें वो कैच पकड़ने ही होंगे। टीम फाइनल में है और अब ऐसी गलती नहीं होनी चाहिए।

एशिया कप में सबसे ज्यादा कैच भारत ने छोड़े
ताज्जुब की बात है कि इस एशिया कप में सबसे ज्यादा कैच भारतीय टीम ने छोड़े हैं। भारत ने अभी तक 5 मैच खेले हैं। इन 5 मैच में टीम इंडिया ने 12 कैच ड्रॉप किए हैं। 11 कैच के साथ हॉन्गकॉन्ग दूसरे नंबर पर है।
बांग्लादेश ने 8, श्रीलंका ने 6 और पाकिस्तान ने 3 कैच ड्रॉप किए। भारत को इन सभी टीमों से बेहतर फील्डिंग यूनिट माना जाता है। 28 सितंबर को फाइनल है। फाइनल से पहले भारत को अपनी फील्डिंग सुधारनी होगी। वैसे भी क्रिकेट में कहा जाता है- कैचेस विन मैचेस।


