गिल-अभिषेक से जबरदस्ती भिड़ रहे थे पाकिस्तानी प्लेयर: अभिषेक ने कहा- मुझे यह बिल्कुल भी पसंद नहीं, इसलिए मैं उनके पीछे पड़ गया
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। रविवार (21 सितंबर) को यह मैच दुबई में खेला गया था। अभिषेक शर्मा प्लेयर ऑफ द मैच रहे, जिन्होंने 39 बॉल पर 74 रन की मैच विनिंग पारी खेली।
इसी मुकाबले में पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ और शाहीन अफरीदी ने अभिषेक और गिल से पंगा ले लिया था। कई बार इनके बीच नोकझोंक भी हुई। इस पर मैच के बाद अभिषेक ने कहा कि पाकिस्तानी प्लेयर जबरदस्ती भिड़ रहे थे, इसलिए मैं उनके पीछे पड़ गया।
जबरदस्ती आकर भिड़ रहे थे पाकिस्तानी प्लेयर
अभिषेक शर्मा ने कहा- समझ नहीं आ रहा था कि ये लोग (पाकिस्तानी प्लेयर) क्यों जबरदस्ती आकर हमसे भिड़ रहे थे। मुझे यह चीज समझ नहीं आई, इसलिए मैं उनके पीछे पड़ गया। ये बेवजह पर्सनल अटैक कर रहे थे। मैंने और शुभमन गिल ने बात की थी कि मैच जीतकर इसका जवाब देंगे।
गिल के साथ तालमेल को लेकर अभिषेक ने कहा- हम स्कूल के दिनों से एक साथ खेल रहे हैं। जब भी हम एकसाथ खेलते हैं तो एंजॉय करते हैं। हमें एकदूसरे का साथ अच्छा लगता है।
सहवाग ने दी अभिषेक को खास सलाह
पहली बॉल पर चौके-छक्के लगाने को लेकर वीरेंद्र सहवाग ने अभिषेक की तारीफ की थी। इस पर अभिषेक ने कहा- वो गेंदबाज अब नहीं हैं, जिन पर सहवाग पहली बॉल पर चौके-छक्के लगाया करते थे।
सहवाग ने सलाह दी कि जब भी आप 70 या 80 रन पर खेल रहे होते हैं तो शतक के बारे में सोचना चाहिए। मुझे सुनील गावस्कर ने यह बात बताई थी कि जब रिटायर होंगे तो यह पारियां याद आएंगी। तब लगेगा कि संभलकर खेलते तो मेरे भी बहुत सारे शतक होते।
मैच में भारत की प्लेइंग-11:
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती।
मैच में पाकिस्तान की प्लेइंग-11:
सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, फखर जमां, सलमान आगा (कप्तान), हुसैन तलत, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और अबरार अहमद।

