पाकिस्तान को टॉस जीतकर बैटिंग लेना पड़ा भारी: भारतीय टीम पहले ही ओवर से रही हावी; जानिए मुकाबले के 5 बड़े फैक्टर और एनालिसिस
Published:
4 min read

पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय टीम ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर मजबूती से बरकरार है। इससे पहले टीम इंडिया ने UAE को 9 विकेट से हराया था। भारतीय टीम के 4 पॉइंट्स और नेट रनरेट 4.793 का है। (BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ने लगातार दूसरा मैच जीतकर सुपर-4 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने दूसरा मैच पाकिस्तान के खिलाफ रविवार (14 सितंबर) को दुबई में खेला, जिसे 15.5 ओवर में 7 विकेट से जीत लिया।
इस मैच में पाकिस्तान टीम ने टॉस जीता था, लेकिन वो इसका फायदा नहीं उठा सके। भारतीय टीम पहले ही ओवर से पाकिस्तान पर हावी रही थी। टीम इंडिया के स्पिनर्स ने पूरी तरह मैच अपने कब्जे में रखा। आइए जानते हैं इस मैच के 5 बड़े फैक्टर…
टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला गलत
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीता जो उनके लिए बेहतरीन रहा था। हालांकि उन्होंने पिच को पढ़ने में गलती कर दी और पहले बैटिंग का फैसला किया, जो टीम पर भारी पड़ गया। पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट और कप्तान को लगा कि दुबई की पिच स्लो रहेगी।
वे यह भूल गए कि दूसरी पारी में ओस भी एक फेक्टर हो सकती है। जबकि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान ही कह दिया था कि वे टॉस जीतते तो पहले बॉलिंग ही चुनते। पाकिस्तान की गलती का फायदा भारतीय टीम ने पूरी तरह से उठाया।
2 ओवर में 2 विकेट लेकर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेला
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने पहली ही बॉल से दबाव बनाना शुरू कर दिया था। तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने पहली बॉल पर सईम अयूब को कैच आउट कराया। जसप्रीत बुमराह ने उनका कैच लिया। अयूब खाता नहीं खोल सके।
दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने टीम को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने मोहम्मद हारिस को कैच आउट कराया। इस बार बुमराह की बॉल पर पंड्या ने कैच लिया। पाकिस्तान ने 6 रन पर यह दूसरा विकेट गंवाया। इस तरह टीम इंडिया ने शुरुआती 2 ओवर में 2 विकेट लेकर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेला। यहां से पाकिस्तानी टीम जरा भी संभल नहीं सकी।
स्पिनर्स ने मिडिल ऑर्डर को हर समय दबाव में रखा
पंड्या और बुमराह के बाद पाकिस्तान के मिडिल ऑर्डर को ढेर करने की जिम्मेदारी स्पिनर्स ने उठाई। कुलदीप यादव ने 3 और अक्षर पटेल ने 2 विकेट लिए। एक सफलता वरुण चक्रवर्ती को मिली।
इस तरह स्पिनर्स ने कुल 6 पाकिस्तानी बैटर्स को पवेलियन भेजा। तीनों ने मिलकर 12 ओवर में सिर्फ 60 रन दिए। इस तरह रनों पर भी रोक लगाई। इसका फायदा यह हुआ कि पाकिस्तानी टीम 127 रन ही बना सकी।
तेज गेंदबाज शाहीन को पहले ओवर से ही अटैक किया
128 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने बैटिंग में भी पहले ही ओवर से पाकिस्तानी गेंदबाजों पर दबाव बनाया। ओपनर अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के ओपनर गेंदबाज शाहीन अफरीदी को टारगेट किया।
इस पारी का पहला ओवर शाहीन ने किया, जिसमें अभिषेक ने पहली बॉल पर चौका और दूसरी बॉल पर छ्क्का लगाते हुए ओवर में कुल 12 रन बनाए। शाहीन ने 2 ही ओवर किए, जिसमें सबसे ज्यादा 11.50 के इकोनॉमी रेट से 23 रन बने।
भारतीय बल्लेबाज हर समय पाकिस्तानी गेंदबाजों पर हावी रहे
शुरुआत दमदार होने के बाद टीम इंडिया ने 41 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। हालांकि भारतीय बल्लेबाज कमजोर नहीं पड़े और हर समय पाकिस्तानी गेंदबाजों पर हावी रहे। इसका फायदा यह हुआ कि टीम इंडिया ने 15.5 ओवर में ही यह मैच 7 विकेट से जीत लिया।
सूर्या और तिलक वर्मा ने तीसरे विकेट के लिए 56 रन की पार्टनरशिप की थी। फिर सूर्या ने शिवम दुबे के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 34 रन की नाबाद पार्टनरशिप कर टीम को जीत दिलाई। इस तरह बैटिंग हो या बॉलिंग, भारतीय टीम पहले ही ओवर से पाकिस्तानी टीम पर हावी रही।

