U19 एशिया कप के फाइनल में इंडिया: श्रीलंका को सेमी में 8 विकेट से हराया, अब पाकिस्तान से मैच
Published: Updated:
2 min read

अंडर-19 एशिया कप का पहला सेमीफाइनल इंडिया और श्रीलंका टीम के बीच हुआ। यह मैच भारतीय टीम ने 8 विकेट से जीता।
स्पोर्ट्स डेस्क. अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया है। इस तरह अब फाइनल में इंडिया और पाकिस्तान की टक्कर होगी। खिताबी मुकाबला 21 दिसंबर को दुबई के ICC एकेडमी ग्राउंड पर खेला जाना है।
सेमीफाइनल में भारतीय टीम के लिए आरोन जॉर्ज और विहान मल्होत्रा ने नाबाद फिफ्टी लगाई। आरोन जॉर्ज ने 49 गेंदों पर नाबाद 58 रन बनाए। विहान मल्होत्रा ने 45 गेंदों पर नाबाद 61 रनों का योगदान दिया।
बारिश के कारण मैच 20-20 ओवर का हुआ
इससे पहले बारिश और गीली आउटफील्ड के चलते मैच में टॉस 5 घंटे की देरी से शुरू हुआ था। एक समय लग रहा था कि मैच शायद ना हो, लेकिन ग्राउंड स्टाफ ने बेहतर काम किया। मैच को 20-20 ओवरों का किया गया।
आरोन-विहान की पार्टनरशिप से मैच जीते
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 8 विकेट के नुकसान पर 138 रन बनाए। इसके जवाब में टीम इंडिया ने 12 गेंद बाकी रहते ही लक्ष्य हासिल किया। भारतीय टीम की शुरुआत खराब हुई था। उसने 25 के स्कोर पर ही आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी के विकेट गंवा दिए थे। फिर आरोन जॉर्ज और विहान मल्होत्रा ने तीसरे विकेट के लिए 87 गेंदों में 114 रनों की पार्टनरशिप कर टीम को जीत दिलाई।
वहीं इसी दिन दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 8 विकेट से हरा दिया। बारिश के चलते यह मुकाबला 27 ओवर्स का हुआ था। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 121 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान ने 16.3 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 122 रन बनाए और 8 विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में एंट्री की।
भारतीय U19 प्लेइंग 11
आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल, खिलान पटेल, दीपेश देवेंद्रन और किशन कुमार सिंह।
श्रीलंका की U19 प्लेइंग 11
विमथ दिनसारा (कप्तान), कविजा गमागे, वीरन चामुदिथा, डुलनिथ सिगेरा, एडम हिल्मी (विकेटकीपर), किथमा विथानापतिराना, रासिथ निमसारा, सेठमिका सेनेविरत्ने, विग्नेश्वरन आकाश, सनुजा निदुवारा और चमिका हीनतिगाला।

