अपने हाथ से टीम इंडिया को ट्रॉफी देने पर अड़े नकवी: फाइनल के बाद ACC और ECB ने मामला सुलझाने की कोशिश की थी, पर नकवी स्टेज पर टस से मस नहीं हुए
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 का खिताब भारतीय टीम ने जीता है। उसने 21 सितंबर को हुए फाइनल में पाकिस्तान को हराया था। फाइनल के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी ने जमकर ड्रामा किया। भारतीय टीम ने नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने इनकार कर दिया था। मगर नकवी स्टेज पर पहुंचे और उतरे तक नहीं।
ऐसे में टीम इंडिया को बगैर ट्रॉफी के ही घर लौटना पड़ा है। दरअसल, नकवी एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के भी चीफ है। यही कारण है कि वो ट्रॉफी अपने हाथ से देने पर अड़े हैं। क्या अब भी भारतीय टीम को ट्रॉफी मिल सकती है? आइए जानते हैं नकवी और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के क्या स्टांस हैं और यह पूरा मामला क्या है।
ACC-UAE के अधिकारियों ने नकवी को मनाने की कोशिश की
दरअसल, भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाड़ियों, स्टाफ या अधिकारियों से कहीं भी किसी तरह से कोई हाथ नहीं मिला। ना ही उनसे कोई बात की। नकवी पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं। ऐसे में भारतीय टीम ने नकवी के हाथों से एशिया कप ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।
फाइनल मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी के लिए नकवी आए और स्टेज पर जाकर खड़े हो गए थे। टीम इंडिया इससे दूर रही। इसी दौरान ACC और अमीरात क्रिकेट बोर्ड (UAE) के अधिकारियों ने नकवी को मनाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि वे भारतीय टीम को मेडल और ट्रॉफी सौंप देंगे। जबकि नकवी पाकिस्तानी प्लेयर्स को मेडल दें।
नकवी ने ट्रॉफी को अपने होटल रूम में भिजवाई
लाख कोशिशों के बावजूद नकवी नहीं माने। वे अपनी बात पर अड़े रहे कि ACC चीफ होने के नाते वही विजेता टीम को ट्रॉफी सौंपेंगे। जब बात नहीं बनी तो टीम इंडिया ने ट्रॉफी नहीं ली। दूसरी ओर नकवी ने ट्रॉफी को अपने होटल रूम में भिजवा दिया।
अब भारतीय खिलाड़ी अपने घर लौट आए हैं। इसी बीच खबर यह भी आई है कि नकवी ट्रॉफी देने के लिए राजी हो गए हैं। हालांकि उनकी शर्त अब भी वही है कि वो ट्रॉफी अपने हाथ से देंगे। साथ ही एक ट्रॉफी सेरेमनी या छोटा सा प्रोग्राम भी करना होगा। उसी दौरान वे ट्रॉफी टीम इंडिया को सौंपेंगे।
ICC से शिकायत करेगा भारतीय क्रिकेट बोर्ड
दूसरी ओर भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने इसको लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से शिकायत की है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि भारतीय टीम का नकवी के हाथ से ट्रॉफी नहीं लेने का फैसला पूरी तरह सही। बोर्ड नवंबर में होने वाली ICC मीटिंग में शिकायत दर्ज कराएगा।
सैकिया ने कहा- जहां तक ट्रॉफी का सवाल है, टीम इंडिया उस व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकती जो हमारे देश के खिलाफ युद्ध छेड़े बैठा है। हमने ट्रॉफी नहीं ली, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोई दूसरा इसे और मेडल्स को अपने होटल ले जाए। हम इसके खिलाफ शिकायत करेंगे।

