PAK क्रिकेट टीम की नापाक हरकत: ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए आतंकियों को दी एशिया कप फाइनल मैच की फीस, कैप्टन सलमान आगा ने किया ऐलान
Published:
2 min read

पाकिस्तानी क्रिकेट टीम ने एशिया कप के फाइनल मैच की फीस ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए आतंकियों के नाम की है।
स्पोर्टस डेस्क। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को एशिया कप के फाइनल में भारत के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद पाकिस्तानी टीम की नापाक हरकत सामने आई है। टीम ने फाइनल मैच की फीस ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए आतंकियों के नाम की है।
पाकिस्तान की सेना और सरकार का खुले तौर पर आतंकियों का समर्थन करना किसी से छिपा नहीं है। समय-समय पर भारत ने न सिर्फ इस गठजोड़ का खुलासा किया, बल्कि मुंहतोड़ जवाब भी दिया। अब पाकिस्तान की टीम ने भी खुलकर इस तरह की हरकत की है।
ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने सिर्फ आतंकियों को बनाया था निशाना
सलमान आगा ने मैच के बाद हुई कॉन्फ्रेंस में कहा कि हम अपनी मैच फीस भारत के हमले में मारे गए नागरिकों के परिवारों को देंगे। जबकि भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर में सिर्फ आतंकियों को निशाना बनाते हुए हमले किए थे। भारत ने 7 मई को पाकिस्तान और पीओके में स्थित 9 आतंकी कैंपों पर एयरस्ट्राइक की थी। इन हमलों में 100 से ज्यादा आतंकियों की मौत हुई थी। भारतीय सुरक्षाबलों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ कर दिया था कि भारत ने सिर्फ आतंकी ठिकानों पर हमला किया है, किसी भी सैन्य या सिविलियन एरिया को टारगेट नहीं किया गया।
इसके जवाब में पाकिस्तान ने भारत के सैन्य और सिविलियन एरिया को टारगेट करते हुए मिसाइल और ड्रोन दागे थे। हालांकि, भारत के डिफेंस सिस्टम ने इन्हें हवा में ही मार गिराया था। 10 मई की सुबह भारत ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान के तमाम एयरबेस तबाह कर दिए थे। इसके बाद पाकिस्तान ने सीजफायर की अपील की थी।
आगा ने गुस्से में चेक फेंका
इससे पहले सलमान आगा ने एशिया कप में रनर-अप प्राइज मनी के चेक को मैदान पर ही फेंक दिया। उधर, भारत ने भी पाकिस्तान के मंत्री और एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से पहले ही इनकार कर दिया था।

