एशिया कप- फाइनल में बैनर- सेल्फी स्टिक तक बैन: यहां 5 साल में चेज करने वाली टीम ने 61% मैच जीते, टीम इंडिया हर लिहाज से टॉपर
Published:
3 min read

भारतीय टीम ने इस एशिया कप में दो बार ग्रुप स्टेज और सुपर-4 में पाकिस्तान को हराया है। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 अब फाइनल स्टेज में पहुंच गया है। टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला आज (28 सितंबर) भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इस मैदान पर टॉस हमेशा ही बॉस रहा है। इस फाइनल में भी यही देखने को मिल सकता है।
इसी बीच दुबई इवेंट्स सिक्योरिटी कमेटी ने इस मैच के लिए कुछ नए नियम जारी किए हैं। इसमें सेल्फी स्टिक से लेकर बैनर तक बैन कर दिए गए हैं। दरअसल, पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद माहौल सेंसिटिव बना हुआ है। इसलिए मैच के बाद किसी तरह का विवाद न हो, इसलिए यह फैसला लिया गया है।
कमेटी ने दर्शकों से कम से कम तीन घंटे पहले स्टेडियम पहुंचने और सेफ्टी चैकिंग में पूरा सहयोग करने की अपील की है। नियमों के पालन करने के लिए भी कहा गया है। उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
नियमों के मुताबिक, पटाखे, लेजर प्वाइंटर, तेज धार या खतरनाक वस्तुएं और रिमोट कंट्रोल वाली चीजों को बैन किया गया है। पोस्टर, बैनर, सेल्फी स्टिक, बड़ी छतरियां और कैमरा ट्राईपॉड को भी स्टेडियम में लाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। री-एंट्री नहीं होगी यानी एक बार स्टेडियम से बाहर जाने वाले दर्शक को दोबारा प्रवेश नहीं मिलेगा। पालतू जानवर और कांच के सामान भी बैन रहेंगे।
टॉस बनेगा बॉस
दुबई के इस मैदान पर ड्यू काफी अहम रोल अदा करती है। इसलिए यहां टॉस जीतना और फिर पहले फील्डिंग लेना टीम के लिए फायदेमंद होता है।
पिछले 5 साल में दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में कुल 41 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए। इस दौरान रन चेज करने यानी बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने सबसे ज्यादा 25 मैच जीते हैं। पहले बैटिंग करने वाली टीम सिर्फ 15 मैच जीत सकी। एक मैच टाई रहा था।
5 साल के दुबई में रिकॉर्ड
कुल मैच - 41
पहले बैटिंग करने वाली टीम जीती- 15
पहले बैटिंग करने वाली टीम जीती - 25 जीते
टाई मैच - 1
दुबई में अब तक 103 T20I मुकाबले
ओवरऑल दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में अब तक कुल 103 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए। इस दौरान रन चेज करने यानी पहले फील्डिंग करने वाली टीम ने 52 मैच जीते हैं। पहले बैटिंग करने वाली टीम 49 मैच जीती है। यहां मामला थोड़ा बराबरी का नजर आ रहा है, लेकिन पलड़ा फिर भी सेकंड बैटिंग करने वाली टीम का ही भारी है।
दुबई में ओवरऑल रिकॉर्ड
कुल मैच - 103
पहले बैटिंग करने वाली टीम जीती - 49
पहले फील्डिंग करने वाली टीम जीती - 52
टाई - 2
इंडिया ने इस एशिया कप में सभी मैच जीते
इस एशिया कप में टीम इंडिया ने दुबई के मैदान पर 5 टी20 मैच खेले और सभी जीते हैं। इस दौरान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने तीन मैच बाद में बैटिंग यानी रन चेज करते हुए जीते हैं। दो मुकाबलों में भारतीय टीम ने पहले बैटिंग की थी और मैच जीत लिए। हालांकि इन दोनों ही मैचों में भारतीय गेंदबाजों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सुपर-4 का आखिरी मैच श्रीलंका के खिलाफ हुआ था, जिसमें टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 202 रन बनाए थे। मैच में श्रीलंका ने भी 202 रन बनाकर मैच टाई करवा दिया था। हालांकि टीम इंडिया ने सुपर ओवर में यह मुकाबला जीत लिया।
इंडिया की फुल स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

