एशिया कप फाइनल में ये 4 भारतीय होंगे गेम चेंजर!: 8 फाइनल खेल चुके; पाकिस्तान के 3 ही प्लेयर को फाइनल का एक्सपीरियंस
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 का फाइनल आज (28 सितंबर) भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में 4 ऐसे खिलाड़ी होने वाले हैं, जो गेम चेंजर साबित हो सकते हैं। यह चारों प्लेयर शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या और कुलदीप यादव हैं।
हालांकि ओपनर अभिषेक शर्मा इन दिनों जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं, लेकिन हम इन चारों की बात इसलिए कर रहे हैं क्यों कि इन्हें फाइनल खेलने का अनुभव है। इन चारों को फाइनल के दबाव से निपटना अच्छे से आता है। इन चारों प्लेयर ने 8 एशिया कप फाइनल खेले हैं।
बुमराह ने 3 बार एशिया कप फाइनल खेला
दूसरी ओर पाकिस्तान टीम में सिर्फ तीन ही ऐसे प्लेयर है, जो इससे पहले एशिया कप फाइनल खेल चुके हैं। यह तीनों प्लेयर फखर जमां, हारिस रऊफ और खुशदिल शाह हैं। खुशदिल ने इस बार एशिया कप में एक ही मैच खेला है, जबकि फखर और हारिस का फाइनल खेलना लगभग तय है।
दोनों टीम के इन 7 खिलाड़ियों में तेज गेंदबाज बुमराह ने सबसे ज्यादा 3 बार एशिया कप फाइनल खेला है। आज चौथी बार फाइनल खेलने उतरेंगे। हार्दिक पंड्या और कुलदीप यादव ने 2-2 बार एशिया कप फाइनल खेला है। जबकि गिल एक बार ही फाइनल खेल सके हैं। इन चारों का इस बार फाइनल खेलना लगभग तय है।
कुलदीप ने लिए इस बार सबसे ज्यादा 13 विकेट
गिल ने इस सीजन में 6 मैच खेले, जिसमें 115 रन बनाए। वे अभिषेक के साथ शानदार शुरुआत दे रहे हैं। पंड्या ने बैटिंग में 4 पारियों में 48 रन बनाए और गेंदबाजी में 4 विकेट लिए हैं।
पेसर बुमराह ने 4 मैच खेले, जिसमें 5 विकेट लिए हैं। जबकि स्पिनर कुलदीप ने 6 मैच में सबसे ज्यादा 13 विकेट लिए हैं। कुलदीप को प्लेयर ऑफ द सीरीज भी मिल सकता है। ऐसे में अभिषेक के बाद यह चारों प्लेयर भी गेम चेंजर साबित हो सकते हैं। अभिषेक का यह पहला एशिया कप फाइनल होगा।
पाकिस्तान के लिए ओपनर फखर ने इस एशिया कप में 6 मैच खेले, जिसमें 135 रन बनाए हैं। जबकि तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने 4 मैच खेले, जिसमें 9 विकेट लिए हैं। खुशदिल ने एक मैच में 4 ही रन बनाए। ऐसे में फाइनल में सिर्फ हारिस और फखर की जगह लगभग पक्की है। हालांकि दोनों से कोई खास प्रदर्शन की उम्मीद नहीं है।
इंडिया का फुल स्क्वॉड:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।
पाकिस्तान का फुल स्क्वॉड:
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमां, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन आफरीदी और सुफियान मुकीम।

