संजू ने क्लीन कैच लिया:: दानिश कनेरिया बोले- कैच में कोई दिक्कत नहीं थी; अख्तर, शाहिद अफरीदी और मो. यूसुफ ने कैच गलत बताया था
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को दो बार शिकस्त दी। पहले ग्रुप स्टेज और फिर सुपर-4 राउंड में हराया। दूसरे मैच में पाकिस्तानी ओपनर फखर जमां का कैच आउट काफी विवाद में रहा। शोएब अख्तर, शाहिद अफरीदी और मोहम्मद यूसुफ समेत ज्यादातर पाकिस्तानियों का मानना है कि विकेटकीपर संजू सैमसन ने क्लीन कैच नहीं लिया। बॉल जमीन पर टच हुई थी।
अब इस मामले में पूर्व पाकिस्तानी स्पिनर दानिस कनेरिया ने ही सभी को जवाब दिया है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि कैच में कोई दिक्कत नहीं थी। संजू ने क्लीन कैच लिया। टीम इंडिया ने यह दूसरा मैच 18.5 ओवर में 6 विकेट से जीता था।
संजू ने लिया था फखर का कैच
दरअसल, पाकिस्तान की पारी में तीसरा ओवर पेस बॉलर हार्दिक पंड्या ने किया था। तीसरी बॉल पाकिस्तानी ओपनर फखर जमां के बैट का किनारा लेकर विकेटकीपर संजू की ओर गई। यह कैच एकदम नीचा रहा, जिसे संजू ने झुककर कैच किया।
यहां डाउट था कि बॉल पहले जमीन पर तो टच नहीं हुई। इसके लिए थर्ड अंपायर की मदद ली गई। दो एंगल से देखने के बाद थर्ड अंपायर ने फखर को आउट दिया। एक एंगल में कैच क्लियर नहीं दिख रहा था। हालांकि दूसरे एंगल में साफ दिखा कि बॉल सीधे ग्लव्स में गई।
सलमान ने भी माना फैसला विवादित था
इस बार एशिया कप में पाकिस्तान टीम की कप्तानी संभाल रहे सलमान आगा ने भी माना कि फैसला विवादित था। हालांकि उन्होंने कहा कि इसे बहाना नहीं मान सकते। सलमान ने कहा था- मेरे हिसाब से गेंद उछली थी, पर गलती हो सकती है। भारत ने अच्छी गेंदबाजी की और हम लगातार नहीं खेल पाए।
क्या कहा तीन पूर्व पाकिस्तानी प्लेयर्स ने…
- शाहिद अफरीदी ने अंपायर्स पर तंज कसा था। उन्होंने समा टीवी पर कहा था- उन्हें IPL में भी तो अंपायरिंग करनी है।
- मोहम्मद यूसुफ ने भी माना कि फखर को गलत आउट दिया गया। उन्होंने कहा था- फखर बुमराह को भी आसानी से खेल रहे थे। ऐसे में उनका आउट होना टीम इंडिया के लिए फायदेमंद रहा।
- शोएब अख्तर ने कहा कि थर्ड अंपायर ने फैसला देने में जल्दबाजी की। उन्होंने कहा- 26 कैमरे थे, सिर्फ दो एंगल से चेक किया। यदि फखर आउट नहीं होते तो मैच बदल सकता था।
कनेरिया ने कहा- कैच एकदम क्लियर था
पूर्व पाकिस्तानी स्पिनर ने कहा- थर्ड अंपायर ने फखर को जो आउट दिया, वो क्लियर दिख रहा था कि संजू सैमसन के ग्लव्ज नीचे थे। उसके फिंगर पर टच होकर (बॉल) क्लियर कैच हुआ है। लेकिन वहां पर कुछ पाकिस्तानी कमेंटेटर्स थे, जिन्होंने कहा कि अगर कैमरा नहीं है, एंगल नहीं है तो यह बेनिफिट ऑफ डाउट बैटर को मिलना चाहिए। मगर ये कहां से जाना चाहिए।
बेनिफिट ऑफ डाउट तब जाता है जब आप प्रॉपर कन्वींस ना हों। जब आपको कोई डाउट हो। इसमें तो कोई डाउट ही नहीं था। वहां पर अंपायर ने जूम करके देखा कि संजू सैमसन के ग्लव्स नीचे थे और उसके फिंगर पर बॉल लगकर ग्लव्स में गया। इस तरह उसने क्लियर कैच लिया।

