बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को 8 रन से हराया: एशिया कप के ग्रुप-बी में समीकरण बिगड़ा, 5 मैच के बाद भी कोई टीम सुपर-4 में नहीं पहुंची
Published: Updated:
3 min read

एशिया कप के ग्रुप-बी में श्रीलंका और बांग्लादेश के 4-4 पॉइंट्स हैं। जबकि अफगानिस्तान के 2 अंक हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में मंगलवार (16 सितंबर) को एक रोमांचक मैच खेला गया, जिसमें बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को 8 रन से हराया। इस जीत के साथ ही सुपर-4 राउंड क्वालिफाई के लिए ग्रुप-बी का समीकरण बिगड़ गया है। इस ग्रुप में अब तक 5 मैच हो गए हैं, लेकिन कोई भी टीम सुपर-4 राउंड में नहीं पहुंच सकी।
श्रीलंका और बांग्लादेश के 4-4 पॉइंट्स हैं। जबकि अफगानिस्तान के 2 अंक हैं। ग्रुप में शामिल चौथी टीम हॉन्गकॉन्ग चाइना बगैर कोई मैच जीते बाहर हो गई है। बांग्लादेश के 3 मैच पूरे हो गए हैं। जबकि इस ग्रुप का आखिरी मैच श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच ही होना है।
इस मैच के बाद क्लियर हो सकेगा कि ग्रुप-बी से कौन सी दो टीमों सुपर-4 के लिए क्वालिफाई करेंगी। वैसे श्रीलंकाई टीम का क्वालिफाई करना लगभग तय है। मगर आधिकारिक तौर पर अभी क्लियर नहीं है।
तंजीद की फिफ्टी, बांग्लादेश ने बनाए 154 रन
मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था। इसके बाद टीम ने 5 विकेट गंवाकर 154 रन बनाए। टीम की शुरुआत बेहद शानदार रही थी। ओपनिंग पार्टरनशिप 63 रन की हुई थी। इसके बाद विकेट गिरते चले गए। टीम संभल नहीं सकी।
ओपनर तंजीद हसन ने 31 बॉल पर 52 रनों की पारी खेली। सैफ हसन ने 30 और तौहिद ह्रदोय ने 26 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए कप्तान राशिद खान और नूर अहमद ने 2-2 विकेट लिए। अजमतुल्लाह उमरजई को 1 विकेट मिला।
अफगान टीम 146 रन ही बना सकी
155 रन के टारगेट का पीछा करते हुए अफगानिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने पहली ही बॉल पर विकेट गंवा दिया था। इसके बाद छोटी-छोटी पार्टनरशिप कर टीम ने संभलने की कोशिश की, लेकिन मैच नहीं जीत सके। 13 ओवर में 77 के स्कोर पर अफगानिस्तान की आधी टीम सिमट गई थी।
फिर अफगान टीम 146 रन ही बना सकी। टीम के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज ने 31 बॉल पर 35 रन की पारी खेली। अजमतुल्लाह उमरजई ने 30, राशिद खान ने 20, गुलबदीन नाइब ने 16 और मोहम्मद नबी ने 15 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए मुस्तफिजुर रहमान ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।
अफगानिस्तान की प्लेइंग-11
सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नाइब, अजमतुल्लाह उमरजई, करीम जनत, राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, एएम गजनफर और फजलहक फारूकी।
बांग्लादेश की प्लेइंग-11
तंजीद हसन तमीम, सैफ हसन, लिटन दास (विकेटकीपर/कप्तान), तौहीद हृदोय, महेदी हसन, नुरुल हसन, जाकिर अली, शमीम हुसैन, रिशाद हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान और तस्कीन अहमद।

