एशिया कप 2004 का अनोखा किस्सा: सचिन तेंदुलकर के विकेट पर रखा 1000 डॉलर का इनाम, पहले ही मैच में UAE के बॉलर असीम ने किया आउट
Published:
2 min read

सचिन तेंदुलकर ने नवंबर 2013 में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लिया था। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 का मंच सज चुका है। टूर्नामेंट का आगाज 9 सितंबर से दुबई में होने वाला है। एशिया कप का 17 वां सीजन टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। वैसे तो एशिया कप की शुरुआत 1984 से हुई और अब तक कई यादगार मैच खेले गए। लेकिन एक मैच ऐसा भी रहा, जब क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को आउट करने के लिए 1000 डॉलर का इनाम रखा गया था।
यह बात 2004 एशिया कप की है। भारत का पहला मैच UAE के खिलाफ दांबुला में खेला जाना था। इस मैच में UAE टीम के अधिकारी ने टीम के खिलाड़ियों से वादा किया कि जो सचिन तेंदुलकर का विकेट लेगा, उसे 1000 डॉलर का इनाम दिया जाएगा। उस समय सचिन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक थे और 300 से ज्यादा ODI मैचों में 13000 से ज्यादा रन बना चुके थे।
असीम सईद ने किया था सचिन को आउट
लेफ्ट आर्म मीडियम पेस बॉलर असीम ने सचिन को आउट कर इनाम लिया था। उन्होंने पारी के 7वें ओवर की पांचवीं बॉल पर सचिन को फहद उस्मान के हाथों कैच आउट कराया था। सचिन 18 रन बना सके थे। असीम का यह एकमात्र इंटरनेशनल विकेट रहा। मैच के आखिर में असीम को इनाम मिला।
हालांकि, यह मैच टीम इंडिया ने 116 रन से जीता था। राहुल द्रविड़ ने सबसे ज्यादा 106 रन बनाए और मैन ऑफ द मैच बने।

भारत का पहला मुकाबला 10 सितंबर को
एशिया कप 2025 में टीम इंडिया का पहला मैच UAE के खिलाफ खेला जाएगा। दोनों टीम एशिया कप में केवल दो बार ही आमने-सामने हुई हैं और दोनों ही बार भारतीय टीम ने जीत हासिल की।
एशिया कप के लिए इंडिया और UAE के स्क्वॉड
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जीतेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।
UAE की टीम: मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलिशान शराफु, अयांश शर्मा (विकेटकीपर), आसिफ खान, ध्रुव पराशर, ईथन डी’सूजा, हैदर अली, हर्षित कौशिक, जुनैद सिद्दीकी, मत्युल्लाह खान, मुहम्मद फारूक, मुहम्मद जवादुल्लाह, मुहम्मद जोहेब, राहुल चोपड़ा (विकेटकीपर), रोहीद खान, सिमरनजीत सिंह और सगीर खान।


