वुमन टीम ने सच्ची मिसाल पेश की: अश्विन बोले- मेन्स टीम सिर्फ बातें कर पाई, महिला टीम ने मिताली-झूलन और अंजुम के हाथ में ट्रॉफी दी
Published: Updated:
2 min read

भारत ने वर्ल्ड कप जीता। तब टीम ने मिताली, झूलन और अंजुम को बुलाकर उनके साथ जश्न मनाया। (@BCCIWomen)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत की वुमन्स क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने पहली बार ICC वनडे वर्ल्ड कप जीत लिया। इस जीत के बाद चर्चा में है टीम का एक बेहद खास कदम। टीम ने यह जीत अपने सीनियर्स के हाथों में ट्रॉफी देकर उनका शुक्रिया अदा किया। दरअसल, इन्हीं सीनियर्स ने कभी इस मुकाम तक पहुंचने का रास्ता बनाया।
रविचंद्रन अश्विन ने महिला टीम के इस जेस्चर को सराहा है। उन्होंने कहा- महिला टीम ने जो किया, वो अब तक मेंस टीम ने कभी नहीं किया। इन लड़कियों ने असल मायनों में अपनी सीनियर्स जैसे मिताली राज, झूलन गोस्वामी और अंजुम चोपड़ा को सम्मान दिया है।
ये कदम क्यों खास है
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- भारत ने वर्ल्ड कप जीता। तब टीम ने मिताली, झूलन और अंजुम को बुलाकर उनके साथ जश्न मनाया। ये तीनों इंडियन वुमन्स क्रिकेट की नींव रखने वाले नाम हैं। वे कमेंट्री टीम का हिस्सा थीं, लेकिन जब खिलाड़ियों ने उन्हें बुलाया तो पूरा स्टेडियम इमोशनल हो गया। भारतीय टीम ने ट्रॉफी मिताली राज को थमाई, मैं उस पल को देखकर भावुक हो गया। मैं महिला टीम को सलाम करता हूं। यह जीत वुमन्स क्रिकेट को नया मोड़ देगी

असली रिस्पेक्ट कम देखने मिलता है
अश्विन ने आगे कहा- अकसर टीमें मीडिया के सामने पूर्व प्लेयर की तारीफ तो करती हैं, लेकिन असली सम्मान बहुत कम देखने को मिलता है। हम अक्सर कहते हैं कि पहले की टीम ने रास्ता बनाया, हालांकि उन्हें क्रेडिट कम मिलता है। आज की इंडिया टीम ने वो ड्यू क्रेडिट अपने सीनियर्स को दिया है, जिसके वह हकदार थे।

इमोशनल हुईं झूलन
इस ऐतिहासिक रात का सबसे इमोशनल मोमेंट तब आया जब हरमनप्रीत और उनकी टीम ने टीम इंडिया की पूर्व कप्तान और पेस बॉलिंग लीजेंड झूलन गोस्वामी को ट्रॉफी सौंपी। झूलन ने 2022 में रिटायरमेंट लिया था। झूलन ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा- ट्रॉफी हाथ में ली तो मेरी आंखों से आंसू निकले। जूनियर्स ने मुझसे एक वादा किया था। पिछले साल आधी रात को कुछ लड़कियां मेरे कमरे में आईं और बोलीं- दीदी, हम अगला वर्ल्ड कप आपके लिए जीतेंगे। उन्होंने सच में वो कर दिखाया।

