आर. अश्विन से फेक यूजर ने विराट, रोहित और धोनी के नंबर मांगे : मैसेज करने वाले ने खुद को NZ का प्लेयर डेवोन कॉन्वे बताया, अश्विन ने ट्रिक से जानी सच्चाई
Published:
3 min read

डेवोन कॉन्वे ने CSK के लिए 29 मैच में 1080 रन बनाए है।और रविचंद्रन अश्विन ने IPL में 221 मैच में 187 विकेट लिए है। (फोटो क्रेडिट :सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. रविचंद्रन अश्विन ने एक मजेदार मोमेंट शेयर किया है। अश्विन के मुताबिक- पिछले दिनों उनके फोन पर एक मैसेज आया। सेंडर ने खुद को न्यूजीलैंड का क्रिकेटर डेवोन कॉन्वे बताया। उसने अश्विन को बातों में उलझाकर विराट कोहली, रोहित शर्मा और एमएस धोनी के मोबाइल नंबर मांगे।बहरहाल, ऐन वक्त पर अश्विन को उस पर शक हो गया और उन्होंने एक मेंटल ट्रिक के जरिए जान लिया कि मैसेज करने वाला शख्स फेक है, वो डेवोन कॉन्वे तो बिल्कुल नहीं है।यह वाकया अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है। चलिए हम यहां आपको पूरा किस्सा बताते हैं।
हैलो ऐश, मैं कॉन्वे
अश्विन बताते हैं- IPL 2025 के बाद मुझे एक मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने खुद को डेवोन कॉन्वे बताया। उसने लिखा- हाय बडी (दोस्त या साथी)कैसे हो? अश्विन को लगा कि ये कॉन्वे ही है। मैसेज करने वाले ने आगे लिखा- हम कांटेक्ट में रहेंगे। तुम (MLC) मेजर लीग क्रिकेट खेल रहे हो, मैं तुम्हारे सारे मैच देखना चाहूंगा।
अश्विन के मुताबिक- मैसेज के जरिए हो रही इस बातचीत के दौरान उस व्यक्ति ने अचानक कहा- मेरे पास विराट कोहली का नंबर नहीं है, क्या तुम दे सकते हो? अश्विन आगे कहते हैं- ये सुनकर मुझे थोड़ा अजीब लगा। फिर मैंने सोचा कि कहीं कॉन्वे बुरा न मान जाए। इसलिए मैंने उसे विराट का कोई पुराना नंबर भेज दिया।
अश्विन इस घटना पर आगे कहते हैं- इसके बाद उस उस आदमी ने मुझसे रोहित और धोनी के नंबर मांगे। अब मुझे शक होने लगा। इसके बाद मैंने तुरंत एक चाल चली। मैंने उससे पूछा- इस साल मैंने तुम्हें जो बैट दिया था, वो कैसा है जवाब मिला, बहुत बढ़िया है।
अश्विन ने डेवोन को कभी बैट नहीं दिया
दरअसल, अश्विन ने डेवोन को कभी बैट दिया ही नहीं था। यहीं से साफ हो गया कि वो आदमी फर्जी है। अश्विन ने फौरन उसे ब्लॉक कर दिया और फिर CSK टीम के ग्रुप में जाकर असली डेवोन कॉन्वे का नंबर चेक किया और देखा कि दोनों अलग हैं।
अश्विन कहते हैं- तब जाकर मुझे राहत मिली कि मैंने उस फेक यूजर को कोहली का असली नंबर नहीं दिया। बल्कि ऑस्ट्रेलिया का कोई पुराना नंबर दिया।
रजत पाटीदार की सिम हुई मिस प्लेस
पिछले दिनों रजत पाटीदार की एक पुरानी नंबर की सिम छत्तीसगढ़ के किसी यूजर को अलॉट हो गई थी। इसका नाम मनीष बिसी है। जब मनीष के पास विराट और एबी डिविलियर्स जैसे क्रिकेटर के फोन आए तो वो परेशान हो गया। बहरहाल, रजत ने खुद मनीष को फोन किया और इसके बाद पुलिस को जानकारी दी। अब कंपनी ने यह सिम बंद कर दी है।

