2027 वर्ल्ड कप खेलना है तो डोमेस्टिक भी खेलें : अश्विन की रोहित-विराट को सलाह, कहा- फॉर्म और फिटनेस साबित करनी होगी
Published: Updated:
2 min read

रोहित शर्मा और विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI सीरीज से 7 महीने बाद टीम इंडिया में वापसी कर रहे है। पहला मैच 19 अक्टूबर को होगा। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने कहा है कि अगर विराट कोहली और रोहित शर्मा 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं तो उन्हें घरेलू क्रिकेट में अपनी काबिलियत दिखानी चाहिए। अश्विन कहते हैं कि अब सिलेक्शन कमेटी और हेड कोच गौतम गंभीर को सोचना है सीनियर प्लेयर भी बाकी खिलाड़ियों की तरह तैयारी करें। BCCI ने शुभमन गिल को वनडे कप्तान बना दिया है।
घरेलू क्रिकेट खेलना जरूरी
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- रोहित और विराट को वर्ल्ड कप 2027 में खेलना है तो उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी या इंडिया A सीरीज खेलना होगा। इससे मैच फिटनेस और फॉर्म दोनों का पता चलेगा। रोहित ने इंडिया को 2024 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जिताई है, लेकिन अब सवाल है क्या वे 2027 तक फिट और फॉर्म में रह पाएंगे? यही सिलेक्टर और टीम मैनेजमेंट को तय करना है।

सिलेक्टर ही मैसेज देंगे
अश्विन ने आगे कहा- चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और गौतम गंभीर को सीनियर प्लेयर से कहना चाहिए कि अगर आप इंडिया A या घरेलू टूर्नामेंट नहीं खेलते तो आप हमारे 2027 वर्ल्ड कप प्लान में भी फिट नहीं हो पाएंगे।
आसानी से ड्रॉप नहीं कर सकते
अश्विन कहते हैं- यह जरूरी नहीं है कि रोहित और विराट को विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेलने पर टीम इंडिया में जगह मिल जाएगी, लेकिन इससे पता चलेगा कि वे वर्ल्ड कप को लेकर गंभीर हैं। कोई भी सिलेक्टर या कोच इतनी आसानी से नहीं कह सकता कि विराट और रोहित की अब जरूरत नहीं है, क्योंकि उनका अनुभव बहुत है। अगर उनका खेलना कन्फर्म नहीं है तो फिर नई टीम बनाई जा सकती है। शुभमन गिल को कप्तान बनाने का फैसला सही है। अगर रोहित अगले साल फिट नहीं रहे तो फिर नया कप्तान तय करने का समय नहीं बचेगा। इसलिए अभी से गिल को कप्तान बनाना समझदारी है।

मैदान में परफॉर्म करना होगा
अश्विन ने आखिर में कहा- रोहित और विराट की फिटनेस और मेहनत दिखती है। चयन सिर्फ सोशल मीडिया पर दिख रहे ट्रेनिंग वीडियो से नहीं होता अगर वो वर्ल्ड कप का सपना देख रहे हैं तो उन्हें मैदान पर खेलना होगा। तभी सिलेक्टर भी उन्हें लेकर सोचेंगे।

