पर्थ टेस्ट में स्टार्क का शानदार कैच: अपनी ही बॉल पर एक सेकंड के अंदर कैच पकड़ा, VIDEO वायरल
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज 2025 का पहला टेस्ट पर्थ में खेला गया। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई पेसर मिचेल स्टार्क ने बॉलिंग और फील्डिंग दोनों में शानदार प्रदर्शन किया। दूसरी पारी में स्टार्क ने अपनी ही बॉल पर एक सेकंड के अंदर एक हाथ से हैरान कर देने वाला कैच पकड़ा। इसका वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है।
एक हाथ से कैच लिया
दूसरी पारी के पहले ही ओवर में स्टार्क ने जैक क्रॉली को शिकार बनाया। स्टार्क की फुल-लेंथ बॉल पर क्रॉली ने स्ट्रेट ड्राइव करने की कोशिश की। लेकिन स्टार्क ने रिफ्लेक्स से बॉल की ओर लेफ्ट हैंड बढ़ाया और शॉट मामरे के बाद एक सेकंड के अंदर कैच पकड़ लिया।
कई बार रिप्ले देखने के बाद थर्ड अंपायर ने भी कैच को क्लीन करार दिया। पहली पारी में भी स्टार्क ने ही क्रॉली को आउट किया था। क्रॉली दोनों पारियों में खाता नहीं खोल सके।
ऑस्ट्रेलिया की पहली में 132 रन
दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ाई और पूरी टीम सिर्फ 132 रन पर आउट हो गई। इससे इंग्लैंड को 40 रन की बढ़त मिली। ब्रायडन कार्स ने आखिरी विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की पारी खत्म की। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को सिर्फ 172 रन पर समेट दिया था।
स्टार्क को 7 विकेट मिले
इस टेस्ट की पहली पारी में स्टार्क ने 58 रन देकर 7 विकेट लिए। टेस्ट कॅरियर में यह उनका बेस्ट परफॉर्मेंस है। इसके अलावा पर्थ में किसी बॉलर का यह सबसे अच्छा प्रदर्शन है। स्टार्क एशेज टेस्ट की एक पारी में 7 विकेट लेने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियन भी बन गए हैं।
इंग्लैंड ने टॉस जीता था
मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 172 रन ही बना सकी। हैरी ब्रूक ने 52, ओली पोप ने 46 और जैमी स्मिथ ने 33 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टार्क ने 7, डोगेट ने 2 और कैमरून ग्रीन ने 1 विकेट लिया।

स्टोक्स को मिले 5 विकेट
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 132 रन पर ऑल आउट हो गई। विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने 26, कैमरन ग्रीन ने 24 और ट्रैविस हेड ने 21 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए बेन स्टोक्स ने 5 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर ने 2 और ब्रायडन कार्स 3 विकेट लिए।

