इस बार ऑस्ट्रेलिया में रूट का शतक पक्का: एशेज सीरीज के पहले मैथ्यू हेडन ने कर दिया ऐलान, बोले- नहीं बनाया तो MCG में बिना कपड़ों के घूमूंगा
Published:
3 min read

मैथ्यू हेडन ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज हैं। वर्तमान में वह क्रिकेट कमेंटेटर हैं। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2025-2026 में होने वाली एशेज सीरीज का सभी क्रिकेट फैंस को बेसब्री से इंतजार है। सीरीज शुरू होने के पहले ही ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर मैथ्यू हेडन ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट इस सीरीज में एक भी सेंचुरी नहीं लगाते हैं तो वह मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में बिना कपड़ों के चक्कर लगाएंगे।
हेडन का रूट पर बड़ा दावा
मैथ्यू हेडन ने 'ऑल ओवर बार द क्रिकेट यूट्यूब' पॉडकास्ट में कहा- जो रूट इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं। वे इस बार ऑस्ट्रेलिया में खूब रन बनाएंगे। वह MCG में सेंचुरी लगा सकते हैं क्योंकि पिच का मिजाज बल्लेबाजी के लिए अच्छा है। अगर जो रूट इस सीरीज में शतक नहीं लगाते, तो मैं मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर बिना कपड़े के घूमूंगा।
ग्रेस हेडन की मजेदार रिक्वेस्ट
हेडन के इस बयान पर उनकी बेटी ग्रेस हेडन का रिएक्शन भी आया है। ग्रेस एक स्पोर्ट्स प्रेजेंटर हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा है कि प्लीज, जो रूट शतक बनाओ।
2025 में इंडिया के खिलाफ तीन शतक जड़े थे
एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज 2025 में जो रूट का बल्ला खूब चला। रूट ने 5 मैच की 9 पारियों में 537 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 3 सेंचुरी और एक फिफ्टी लगाई। 2021 से अब तक रूट का परफॉर्मेंस शानदार रहा है। उन्होंने 61 टेस्ट में 56.36 की एवरेज से 5720 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 22 सेंचुरी और 17 फिफ्टी जड़ी।
रूट का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया में बेहद खराब
जो रूट ऑस्ट्रेलिया में कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए। रूट ने अब तक ऑस्ट्रेलिया में 14 टेस्ट मैच खेले और 892 रन बनाए। यहां वह एक भी शतक नहीं लगा सके। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 9 फिफ्टी लगाई हैं। उनका बेस्ट स्कोर 89 रन रहा है। रूट के पास इस बार ऑस्ट्रेलियाई धरती पर शतक का सूखा खत्म करने का अच्छा और संभवतः आखिरी मौका है।
रूट टेस्ट के दूसरे सबसे ज्यादा रनस्कोरर
जो रूट ने 2012 में इंडिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 158 टेस्ट मैच खेले और 13543 रन बनाए हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे पायदान पर हैं। पहले नंबर पर मौजूद सचिन तेंदुलकर से वह महज 2378 रन पीछे हैं। रूट के नाम टेस्ट क्रिकेट में 39 सेंचुरी और 66 फिफ्टी हैं।
इंग्लैंड Vs ऑस्ट्रेलिया एशेज सीरीज शेड्यूल (2025-26)
पहला टेस्ट: पर्थ, 21-25 नवंबर
दूसरा टेस्ट: ब्रिस्बेन, 4-8 दिसंबर
तीसरा टेस्ट: एडिलेड, 17-21 दिसंबर
चौथा टेस्ट: मेलबर्न, 26-30 दिसंबर
पांचवां टेस्ट: सिडनी, 4-8 जनवरी

