अर्शदीप ने सोशल मीडिया से हटाए 200 से ज्यादा पोस्ट: विराट कोहली वाली वायरल रील भी डिलीट की; फैंस बोले- IPL में खराब परफॉर्मेंस का असर
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से 200 से ज्यादा पोस्ट डिलीट कर दिए हैं। इनमें कई फोटो, रील्स और ब्रांड प्रमोशन वाले पोस्ट शामिल हैं। इसमें वह वायरल रील भी शामिल हैं जिसमें वह विराट कोहली के साथ मजेदार अंदाज में नजर आए थे।
अर्शदीप और विराट कोहली का वह वीडियो IPL के दौरान काफी शेयर हुआ था। वीडियो में दोनों खिलाड़ियों के बीच हल्की-फुल्की मस्ती और मजेदार बातचीत देखने को मिली थी। फैंस को दोनों की दोस्ती और मजाकिया अंदाज काफी पसंद आया था। लेकिन अब उस वीडियो का भी अचानक गायब होना फैंस को हैरान कर रहा है। लोगों का मानना है कि अर्शदीप शायद अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल को पूरी तरह नए तरीके से शुरू करना चाहते हैं।
सोशल मीडिया क्लीन-अप की वजह क्या हो सकती है?
अर्शदीप सिंह या उनकी टीम की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन फैंस अलग-अलग अंदाज लगा रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि वह अपने खराब प्रदर्शन के बाद मानसिक रूप से खुद को रीसेट करना चाहते हैं। वहीं कुछ का मानना है कि वह अब सिर्फ क्रिकेट पर फोकस करना चाहते हैं और सोशल मीडिया से दूरी बना रहे हैं।
कई खिलाड़ी ट्रोलिंग और लगातार आलोचना से बचने के लिए सोशल मीडिया से ब्रेक लेते रहे हैं। अर्शदीप का यह कदम भी उसी दिशा में देखा जा रहा है।

IPL 2026 में कैसा रहा प्रदर्शन?
अर्शदीप का IPL 2026 सीजन काफी मुश्किल भरा रहा। उन्होंने पंजाब के लिए 14 मैच खेले। उन्हें 14 विकेट जरूर मिले लेकिन उनका इकॉनमी रेट 10.20 रहा, जो एक गेंदबाज के लिए काफी खराब माना जाता है। पंजाब किंग्स के लिए भी यह सीजन एक बुरे सपने की तरह रहा। आधे आईपीएल तक टॉप पर रहने के बाद उसने लगातार मैच गंवाए और प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई।

