अर्शदीप का 13 बॉल का ओवर: वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी, बुमराह ने पहली बार एक टी20 में 4 छक्के खाए
Published: Updated:
2 min read

अर्शदीप से पहले अफगानिस्तान के नवीन उल हक ने 13 बॉल का ओवर किया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. साउथ अफ्रीका के खिलाफ चंडीगढ़ टी20 में भारतीय टीम को 51 रन से हार झेलनी पड़ी। दोनों टीमों के बीच शुरुआती दो मैच के बाद 5 टी20 की सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। इस दूसरे मैच में भारतीय तेज गेंदबाजी बेहद खराब रही। अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह दोनों ने जमकर रन लुटाए।
इसी मैच में अर्शदीप ने 13 बॉल का ओवर किया और वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। जबकि बुमराह ने करियर में पहली बार एक टी20 में 4 छक्के खाए। इससे पहले बुमराह ने कभी भी एक टी20 में इतने सिक्स नहीं खाए थे।
बुमराह ने 4 ओवर किए, जिसमें 45 रन दिए। उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला। बुमराह का इकोनॉमी रेट भी 11.25 का रहा। हार्दिक पंड्या ने 3 ओवर में 33 रन लुटाए। उनका इकोनॉमी रेट 11.33 का रहा।
अर्शदीप ने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की
दूसरी ओर अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 54 रन दिए। उनका इकोनॉमी रेट सबसे ज्यादा 13.50 का रहा। इसी मैच में अर्शदीप ने एक ओवर में 13 बॉल डालीं। इनमें से 7 वाइड बॉल थीं। यह साउथ अफ्रीका की पारी का 11वां ओवर था। इसमें अर्शदीप ने 18 रन दिए। इसमें एक छक्का भी लगा।
एक ओवर में सबसे ज्यादा 13 बॉल करने का रिकॉर्ड (ICC फुल मेम्बर्स टीम में) अफगानिस्तान के पेसर नवीन उल हक के नाम है। उन्होंने 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे टी20 में यह शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया था। अर्शदीप ने इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
भारतीय टीम 51 रन से मैच हारी
साउथ अफ्रीका ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 214 रन का टारगेट दिया था। ओपनर क्विंटन डिकॉक ने 46 बॉल पर सबसे ज्यादा 90 रनों की पारी खेली। उन्हें ही प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जवाब में भारतीय टीम 162 रन ही बना सकी और 51 रन से मैच गंवा दिया।
मिडिल ऑर्डर में आए तिलक वर्मा ने 34 बॉल पर 62 रन की पारी खेली। उन्होंने 5 छक्के और 2 चौके लगाए। जितेश शर्मा ने 27, अक्षर पटेल ने 21 और हार्दिक पंड्या ने 20 रन बनाए। अफ्रीकी टीम के लिए ओटनील बार्टमैन ने 4 विकेट लिए। मार्को यानसेन, लुथो सिपाम्ला और लुंगी एनगिडी को 2-2 विकेट मिले।

