22 साल बाद आर्सेनल बना प्रीमियर लीग चैंपियन: एमिरेट्स स्टेडियम और नॉर्थ लंदन में फैंस का जश्न; मिकेल आर्टेटा की कोचिंग को मिला क्रेडिट
Published:
3 min read

इंग्लिश फुटबॉल क्लब आर्सेनल ने 22 साल बाद प्रीमियर लीग का खिताब जीत लिया है। (फोटो क्रेडिट: सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लिश फुटबॉल क्लब आर्सेनल ने 22 साल बाद प्रीमियर लीग का खिताब जीत लिया है। टीम के फैंस के लिए यह पल बेहद खास रहा, क्योंकि लंबे इंतजार के बाद उनका क्लब फिर से इंग्लैंड का चैंपियन बना। जैसे ही मैनचेस्टर सिटी और बॉर्नमाउथ के बीच मैच ड्रॉ हुआ, आर्सेनल की ट्रॉफी पक्की हो गई और पूरे नॉर्थ लंदन में जश्न शुरू हो गया।
स्टेडियम के बाहर चैंपियंस के नारे गूंजने लगे
मंगलवार रात आर्सेनल के हजारों फैंस एमिरेट्स स्टेडियम के बाहर और आसपास के पब में जमा थे। सभी की नजर मैनचेस्टर सिटी के मैच पर थी। अगर सिटी जीत जाती, तो टाइटल रेस जारी रहती, लेकिन टीम सिर्फ ड्रॉ कर सकी। मैच खत्म होते ही आर्सेनल फैंस खुशी से झूम उठे। पब, सड़कें और स्टेडियम के बाहर चैंपियंस के नारे गूंजने लगे।
आर्सेनल के खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ भी इस खास पल को साथ में देख रहे थे। पूरी टीम ट्रेनिंग ग्राउंड पर मौजूद थी। जैसे ही फाइनल सीटी बजी, खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को गले लगाया और जमकर डांस किया। सभी कैम्पियोनेस, कैम्पियोनेस गाते नजर आए। कप्तान डेकलन राइस ने सोशल मीडिया पर टीम की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा It’s done यानी अब काम पूरा हो चुका है।
मिकेल 7 साल से आर्सेनल के कोच है
इस जीत का सबसे ज्यादा क्रेडिट कोच मिकेल आर्टेटा को दिया जा रहा है। आर्टेटा पिछले 7 साल से टीम के साथ हैं। शुरुआत में टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं था और कई बार उन्हें हटाने की मांग भी उठी थी। लेकिन क्लब ने उन पर भरोसा बनाए रखा। अब उसी भरोसे का नतीजा टीम की ट्रॉफी के रूप में सामने आया है।

आर्सेनल इंग्लैंड की नंबर-1 टीम बन गई
पूर्व गोलकीपर पॉल रॉबिन्सन ने कहा- एक अच्छे मैनेजर को समय देना बहुत जरूरी होता है। सिर्फ पैसे खर्च करने से टीम चैंपियन नहीं बनती, बल्कि सही माहौल और मजबूत टीम बनानी पड़ती है। आर्टेटा ने यही काम किया और अब आर्सेनल फिर से इंग्लैंड की नंबर-1 टीम बन गई है।

2003-04 में प्रीमियर लीग जीती थी
आर्सेनल ने इससे पहले 2003-04 में प्रीमियर लीग जीती थी। उस समय टीम पूरे सीजन में एक भी मैच नहीं हारी थी और उसे द इनविंसिबल्स कहा गया था। लेकिन उसके बाद क्लब को फिर से ट्रॉफी जीतने के लिए 22 साल इंतजार करना पड़ा।
फैंस ने सोशल मीडिया पर लिखा- उनकी जिंदगी में बहुत कुछ बदल गया, लेकिन आर्सेनल की ट्रॉफी का इंतजार खत्म नहीं हुआ था। आर्सेनल की जीत पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और लंदन के मेयर सादिक खान ने भी बधाई दी। वहीं सात बार के फॉर्मूला-1 चैंपियन लुईस हैमिल्टन ने भी सोशल मीडिया पर टीम को शुभकामनाएं दीं। मैनचेस्टर सिटी के कोच पेप गार्डियोला ने भी आर्सेनल को बधाई दी। कहा- उनकी टीम टाइटल के बहुत करीब थी, लेकिन आर्सेनल ने पूरे सीजन अच्छा खेल दिखाया और वह इस जीत के हकदार हैं।

