अर्जुन तेंदुलकर का बैटिंग-बॉलिंग में कमाल: पहले 3 विकेट, फिर 34 बॉल पर 66* रन; मुंबई टी20 लीग के मैच में प्लेयर ऑफ द मैच
Published: Updated:
2 min read

IPL 2026 सीजन में अर्जुन तेंदुलकर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की ओर से खेले थे। उन्हें एक मैच खेलने का मौका मिला था। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर इस समय मुंबई टी20 लीग में बैटिंग और बॉलिंग में कमाल कर रहे हैं। वे इस लीग में ARCS अंधेरी टीम से खेल रहे हैं। अर्जुन के ऑलराउंड परफॉर्मेंस से अंधेरी टीम ने बांद्रा ब्लास्टर्स को 13.5 ओवर में 9 विकेट से शिकस्त दी। अर्जुन को ही प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
मुकाबले के बाद अंधेरी टीम के कप्तान और ऑलराउंडर शिवम दुबे ने ड्रेसिंग रूम में अर्जुन की तारीफ की। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मैच में अर्जुन ने पहले बॉलिंग में 3 विकेट लिए। इसके बाद नाबाद 66 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
अर्जुन को 11 रन देकर 3 विकेट
दरअसल मैच में बांद्रा टीम ने टॉस जीतकर बैटिंग का फैसला किया। इसके बाद टीम 9 विकेट गंवाकर 144 रन ही बना सकी। ओम केश्कमत ने 36 बॉल पर 49 रन बनाए। जबकि मीडियम पेसर अर्जुन तेंदुलकर ने 3 ओवर में 11 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।
नंबर-3 पर अर्जुन ने नाबाद 66 रन बनाए
145 रन के टारगेट को अंधेरी टीम ने 13.5 ओवर में ही चेज कर लिया। टीम ने 1 विकेट गंवाकर 148 रन बनाए। अर्जुन तेंदुलकर ने नंबर-3 पर बैटिंग करते हुए 34 बॉल पर नाबाद 66 रन की पारी खेली। इस दौरान 5 सिक्स और 4 चौके लगाए। ओपनर मुशीर खान 38 बॉल पर 54 रन बनाकर नॉटआउट रहे।
IPL 2026 सीजन में एक ही मैच खेले थे
हाल ही में खत्म हुए IPL 2026 सीजन में अर्जुन तेंदुलकर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की ओर से खेले थे। उन्हें पूरे सीजन में एक ही मैच खेलने का मौका मिला था। वे ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने एक विकेट लिया था। साथ ही नाबाद 5 रन बनाए थे।

