78 मिनट तक 2 गोल से पीछे थी अर्जेंटीना: 14 मिनट में 3 गोल दागे और तोड़ दिए इजिप्ट के सपने; क्वार्टर फाइनल में अब स्विट्जरलैंड से होगा मुकाबला
Published:
3 min read

अर्जेंटीना ने आखिरी मिनटों में तीन गोल दागकर शानदार वापसी की। 0-2 से पिछड़ने के बावजूद लियोनेल मेसी की अगुआई में टीम ने इजिप्ट को 3-2 से हराया और रोमांचक अंदाज में क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
स्पोर्ट्स डेस्क। अर्जेंटीना ने 2026 फीफा वर्ल्ड कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में इजिप्ट को 3-2 से हरा दिया। इसके साथ ही टीम ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। एक समय टीम 0-2 से पीछे थी, लेकिन लियोनेल मेसी की कप्तानी और दमदार खेल के दम पर गेम में कमबैक किया। आखिरी मिनटों में 3 गाेल कर इजिप्ट को 3-2 से हरा दिया। अब उसकी अगली टक्कर स्विट्जरलैंड से होगी, जिसने पेनल्टी शूटआउट में कोलंबिया को 4-3 से हराया।
15वें मिनट में यासेर इब्राहिम ने गोल कर दिया था
अटलांटा में खेले गए मुकाबले में इजिप्ट इजिप्ट ने शानदार शुरुआत की। 15वें मिनट में यासेर इब्राहिम ने हेडर से गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके कुछ मिनट बाद अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली, लेकिन लियोनेल मेसी उसे गोल में नहीं बदल सके। इजिप्ट के गोलकीपर मोस्तफा शौबिर ने बेहतरीन डिफेंस से अपनी टीम की बढ़त बरकरार रखी। दूसरे हाफ में इजिप्ट ने एक और गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। ऐसा लग रहा था कि मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। लेकिन आखिरी 15 मिनट में मैच पूरी तरह पलट गया।

84वें मिनट में मेसी गोल किया
सबसे पहले मेसी ने शानदार क्रॉस देकर क्रिस्टियन रोमेरो से गोल करवाया। इसके बाद 84वें मिनट में मेसी ने खुद जोरदार शॉट लगाकर स्कोर 2-2 कर दिया। इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में एंजो फर्नांडेज ने विजयी गोल दागकर अर्जेंटीना को 3-2 की यादगार जीत दिला दी।

VAR के फैसले पर विवाद
हालांकि मैच के दौरान VAR के फैसलों को लेकर भी बड़ा विवाद देखने को मिला। मिस्र का एक गोल रद्द कर दिया गया, जबकि अर्जेंटीना के निर्णायक गोल से पहले संभावित फाउल की जांच नहीं हुई। इसके बाद इजिप्ट के खिलाड़ियों और कोच ने फैसलों पर नाराजगी जताई।

120 मिनट तक कोई गोल नहीं हुआ
वहीं, दूसरे प्री-क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड और कोलंबिया के बीच 120 मिनट तक कोई गोल नहीं हुआ। मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट में हुआ, जहां स्विट्जरलैंड ने 4-3 से जीत दर्ज कर 1954 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
शूटआउट में स्विट्जरलैंड के गोलकीपर ग्रेगोर कोबेल ने कुचो हर्नांडेज की पेनल्टी बचाई, जबकि कोलंबिया के डेविंसन सांचेज पहले ही क्रॉसबार पर शॉट मार चुके थे। आखिर में रूबिन वर्गास ने निर्णायक पेनल्टी गोल कर अपनी टीम को जीत दिलाई।अब क्वार्टर फाइनल में जहां लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड आमने-सामने होंगी।

