केप वर्डे को हराने में अर्जेंटीना को पसीना आया: एक्स्ट्रा टाइम में हुए गोल ने राउंड ऑफ-16 की टिकट दिलाई, कोलंबिया और इजिप्ट भी अगले दौर में
Published:
4 min read

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) में जगह बना ली है।
स्पोर्ट्स डेस्क. डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) में जगह बना ली है। टीम ने शुक्रवार देर रात खेले गए मुकाबले में केप वर्डे को 3-2 से हराया। इस जीत के साथ अर्जेंटीना अब क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए इजिप्ट से भिड़ेगा। वहीं, इजिप्ट ने ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। दूसरी ओर कोलंबिया ने घाना को 1-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
अर्जेंटीना और केप वर्डे के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा। कप्तान लियोनल मेसी ने 29वें मिनट में गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके साथ ही मेसी लगातार आठ मैचों में गोल करने वाले पहले फुटबॉलर बन गए। दूसरे हाफ में 59वें मिनट पर डर्लो डुआर्टे ने गोल कर केप वर्डे की बराबरी करा दी।

इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में एमिलियानो मार्टिनेज ने अर्जेंटीना को फिर से 2-1 की बढ़त दिलाई, लेकिन सिडनी लोपेज ने आखिरी पलों में गोल कर मैच 2-2 से बराबर कर दिया। इसके बाद मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा। 111वें मिनट में केप वर्डे के खिलाड़ी डिनये से गलती से आत्मघाती गोल हो गया और यही गोल अर्जेंटीना की जीत का कारण बना।
पहली बार नॉकआउट मैच जीता इजिप्ट
इजिप्ट ने ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराया। टीम ने पहली बार किसी वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबले में जीत दर्ज की। तय 90 मिनट और फिर एक्स्ट्रा टाइम तक स्कोर 1-1 रहा था। इजिप्ट ने 13वें मिनट में इमाम अशूर के हेडर से बढ़त बनाई। हालांकि 55वें मिनट में डिफेंडर मोहम्मद हनी से आत्मघाती गोल हो गया और ऑस्ट्रेलिया ने बराबरी कर ली।

पेनल्टी शूटआउट से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया ने अपना गोलकीपर बदल दिया। पूरे मैच में शानदार बचाव करने वाले युवा गोलकीपर पैट्रिक बीच को बाहर कर अनुभवी मैथ्यू रयान को मैदान पर उतारा गया। लेकिन रयान इजिप्ट की चारों पेनल्टी नहीं रोक सके। इजिप्ट की ओर से महमूद साबेर, रामी राबिया, मोहम्मद सलाह और होसाम अब्देलमगीद ने पेनल्टी को गोल में बदला। वहीं ऑस्ट्रेलिया के कप्तान हैरी साउटर पहला शॉट गोलपोस्ट के ऊपर मार बैठे, जबकि 18 साल के लुकास हैरिंगटन का शॉट क्रॉसबार से टकरा गया।
मोहम्मद हनी के नाम अनचाहा रिकॉर्ड
इजिप्ट के डिफेंडर मोहम्मद हनी एक ही वर्ल्ड कप में दो आत्मघाती गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले उन्होंने ग्रुप स्टेज में बेल्जियम के खिलाफ भी अपनी ही टीम के खिलाफ गोल किया था। ऑस्ट्रेलिया अब तक वर्ल्ड कप के तीनों नॉकआउट मुकाबले हार चुका है। टीम अब तक नॉकआउट में सामान्य समय में एक भी गोल नहीं कर सकी है। इस बार भी उसे बराबरी विरोधी टीम के आत्मघाती गोल से ही मिली।
कोलंबिया ने घाना को हराया
कोलंबिया ने घाना को 1-0 से हराकर अंतिम-16 में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच का इकलौता गोल जॉन एरियास ने 14वें मिनट में किया। डेनियल मुनोज के पास पर लुइस सुआरेज ने शानदार क्रॉस दिया, जिसे एरियास ने गोल में बदल दिया। यही गोल टीम की जीत के लिए काफी रहा। मैच की शुरुआत में कोलंबिया के स्ट्राइकर जॉन कॉर्डोबा चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए, जिसके बाद उनकी जगह लुइस सुआरेज को उतारा गया। अब क्वार्टर फाइनल में कोलंबिया का मुकाबला स्विट्जरलैंड से होगा।

आज से शुरू होंगे राउंड ऑफ 16 के बाकी मुकाबले
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 के मुकाबले शनिवार रात से शुरू होंगे। पहले मैच में मेजबान कनाडा का सामना मोरक्को से होगा। इसके बाद किलियन एमबाप्पे की फ्रांस टीम पैराग्वे से भिड़ेगी। एमबाप्पे इस समय 6 गोल के साथ गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे हैं।
राउंड ऑफ 16 का पूरा शेड्यूल
- 4 जुलाई (शनिवार), रात 10:30 बजे: कनाडा vs मोरक्को (ह्यूस्टन)
- 5 जुलाई (रविवार), रात 2:30 बजे: पैराग्वे vs फ्रांस (फिलाडेल्फिया)
- 6 जुलाई (सोमवार), रात 1:30 बजे: ब्राजील vs नॉर्वे (न्यू जर्सी)
- 6 जुलाई (सोमवार), सुबह 5:30 बजे: मेक्सिको vs इंग्लैंड (मेक्सिको सिटी)
- 7 जुलाई (मंगलवार), रात 12:30 बजे: पुर्तगाल vs स्पेन (डलास)
- 7 जुलाई (मंगलवार), सुबह 5:30 बजे: अमेरिका vs बेल्जियम (सिएटल)
- 7 जुलाई (मंगलवार), रात 9:30 बजे: अर्जेंटीना vs मिस्र (अटलांटा)
- 8 जुलाई (बुधवार), रात 1:30 बजे: स्विट्जरलैंड vs कोलंबिया (बीसी प्लेस, वैंकूवर)

