इंडिया आ रहे लियोनेल मेसी: केरल के साथ फ्रेंडली मैच खेलेगी अर्जेंटीना की फीफा वर्ल्ड कप विनिंग टीम
Published:
2 min read

मेसी ने 193 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें 112 गोल किए हैं। (फोटो क्रेडिट: X/@leomessisite)
स्पोर्ट्स डेस्क .फीफा वर्ल्ड कप 2022 की चैंपियन टीम अर्जेंटीना नवंबर में भारत आ रही है। इसमें लियोनल मेसी भी होंगे। यह केरल में फ्रेंडली मैच खेलेगी। हालांकि अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि अर्जेंटीना किस टीम के खिलाफ खेलेगी।
अर्जेंटीना की टीम 10-18 के बीच भारत आएगी
केरल के खेल मंत्री वी. अब्दुल रहमान ने शनिवार को बताया कि अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम 10 से 18 नवंबर के बीच भारत आएगी और एक फ्रेंडली मैच खेलेगी। उन्होंने कहा कि इस मैच को लेकर अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) और केरल सरकार के बीच बातचीत काफी पहले से चल रही थी।
2026 में होने वाला था मैच
रहमान ने बताया कि पहले यह मैच 2026 में होना था, लेकिन अब यह 2025 नवम्बर में होगा। अर्जेंटीना किस टीम के खिलाफ खेलेगी। यह जल्द ही तय हो जाएगा।
कई टीम ने मैच के लिए इनविटेशन भेजा
रहमान ने कहा- कई टीमों ने हमारे पास इनविटेशन भेजा है। ऑस्ट्रेलिया की फुटबॉल टीम ने भी रुचि दिखाई है। हमारे उनके साथ रिलेशन भी अच्छे हैं। इसके अलावा तीन-चार अन्य टीमों ने भी हमसे संपर्क किया है।
अगर ऑस्ट्रेलिया को चुना जाता है, तो यह 2022 के वर्ल्ड कप की याद ताजा कर देगा, जब अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।
केरल के मंत्री ने कहा की भारत सरकार चाहती है कि अर्जेंटीना वही टीम लेकर इंडिया आए जो 2022 वर्ल्ड कप में उतरी थी और जिसने फाइनल जीता था। लियोनेल मेसी के मैदान में उतरने की पूरी उम्मीद है। केरल सरकार इस फ्रेंडली मैच के लिए मैदान रेडी कर रही है।

