प्लान के हिसाब से बॉलिंग करते हैं अंशुल: अश्विन बोले- जहीर और जसप्रीत में भी यही क्वॉलिटी; धोनी ने कम्बोज की तारीफ की थी
Published:
2 min read

अंशुल कम्बोज ने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में डेब्यू किया है। अंशुल हरियाणा से रणजी खेलते हैं। (सोर्स:bcci)
हरियाणा के अंशुल कम्बोज को आखिरकार टेस्ट टीम में मौका मिल ही गया। इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में इंजरी के कारण आकाशदीप और अर्शदीप सिंह अवेलेबल नहीं थे। इसलिए इस पेसर को प्लेइंग 11 में जगह मिली। उन्हें टेस्ट कैप पूर्व खिलाड़ी दीप दासगुप्ता से मिला। 24 साल के इस पेसर के बारे में रविचंद्रन अश्विन और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने पॉजिटिव कमेंट्स किए हैं।
अकॉर्डिंग टू प्लान वाला बॉलर
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल ‘Ash Ki Baat में अंशुल को सराहा। कहा- उसकी सबसे बड़ी खूबी ये है कि वो गेम प्लान को समझता है और उसी के हिसाब से बॉलिंग करता है। ज्यादातर पेस बॉलर सिर्फ खुद के हिसाब से बॉलिंग करते हैं। दूसरी तरफ, अंशुल प्लान के मुताबिक बॉलिंग करता है। ये बात कम बॉलर्स में मिलती है। अश्विन ने कम्बोज की तुलना जहीर खान और जसप्रीत बुमराह जैसे बॉलर्स से की। अश्विन कहते हैं कि अंशुल भी इसी कैटेगरी का बॉलर है। वो प्लान करके के अच्छी बॉलिंग करता है।
डोमेस्टिक क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
कम्बोज ने रणजी ट्रॉफी में केरल के खिलाफ एक पारी में 10 विकेट लेकर सबका ध्यान खींचा। अभी तक 24 फर्स्ट-क्लास मैचों में वो 79 विकेट ले चुके हैं। इंडिया ए की तरफ से भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। इंग्लैंड लायंस के खिलाफ नॉर्थम्पटन में उन्होंने 4 विकेट लिए। इसके बाद नॉटिंघम में तनुष कोटियान के साथ 149 रन की पार्टनरशिप करके उस मैच में टीम को हार से बचाया।
धोनी ने भी तारीफ की
IPL 2025 में अंशुल को चेन्नई सुपर किंग्स ने 3.4 करोड़ में खरीदा। उन्होंने CSK के लिए 8 मैचों में 8 विकेट लिए। कप्तान धोनी ने भी उनकी गेंदबाजी से खुश थे। धोनी ने कहा था- कम्बोज को स्विंग नहीं मिलती, लेकिन उनकी बाॅल में सीम मूवमेंट काफी होता है। इसी खूबी की वजह से बैटर को उनकी स्पीड ज्यादा लगती है।

