हरमन टीम के लिए बेस्ट कप्तान: पूर्व भारतीय कप्तान अंजुम चोपड़ा बोलीं- जीत का पल खराब नहीं होना चाहिए
Published:
3 min read

भारत की महिला क्रिकेट टीम ने हाल ही में पहली बार ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप जीता।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत की महिला क्रिकेट टीम ने हाल ही में पहली बार ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप जीता। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में यह जीत पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है। स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा जैसी खिलाड़ियों के अच्छे खेल ने देश को खुशी का एक और मौका दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद टीम से मुलाकात कर बधाई दी।
रंगास्वामी की बात पर सवाल उठे
इस बीच एक बयान सामने आया। भारतीय टीम की पूर्व कप्तान शांता रंगास्वामी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा- हरमनप्रीत को कप्तानी छोड़नी चाहिए। उन्हे अपनी बैटिंग पर फोकस करना चाहिए। हरमान की जगह स्मृति को कैप्टन बनाना होगा। टीम को अगले वर्ल्ड कप के लिए तैयार करने के नए प्लान के तहत शुरुआत करनी होगी।
रंगास्वामी के इस बयान पर फैन्स के बीच कई तरह की बातें देखने को मिलीं। कई लोगों ने आलोचना की और कहा कि यह वक्त हरमन की मेहनत और कप्तानी की सराहना करने का है। उन पर सवाल उठाने का नहीं।
पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा की राय अहम
इसी मुद्दे पर एक इंटरव्यू पूर्व भारतीय कप्तान अंजुम चोपड़ा ने कहा- इस तरह के बयान हर वर्ल्ड कप के बाद आ ही जाते हैं, चाहे टीम जीते या हारे। पिछले 4-5 वर्ल्ड कप देख लीजिए, जब इंडिया हारती है तो कहते हैं हरमन को कप्तानी से हटाओ। जब इंडिया जीतती है, तब भी यही कहते हैं। ऐसे बयानों का कोई मतलब नहीं। मैं इस पर कुछ नहीं कहना चाहती क्योंकि यह भारत की जीत का पल है, इसे खराब नहीं करना चाहती। 52 साल बाद यह मोमेंट आया है। इस वक्त इस तरह की बात नहीं करनी चाहिए।
अंजुम को भरोसा था
अंजुम और हरमनप्रीत का रिश्ता बहुत पुराना है। हरमन ने खुद कहा था कि अंजुम ने उनके शुरुआती दिनों में बहुत मदद की थी और हमेशा उनका साथ दिया। अंजुम ने बातचीत में हरमन के शुरुआती क्रिकेट सफर को याद करते हुए कहा- जब मैंने पहली बार उसे डोमेस्टिक क्रिकेट खेलते देखा था, तभी समझ गई थी कि यह लड़की बहुत खास है। वह उस समय अंडर-19 में जिस तरह से लंबे शॉट खेलती थी, वह काबिल-ए-तारीफ था। मुझे तब ही पता चल गया था कि यह आगे चलकर भारत के लिए मैच विनर बनेगी।
हरमन हमेशा से मैच विनर
अंजुम ने आगे कहा- हरमन के साथ घरेलू क्रिकेट में खेला है और उसकी स्किल शुरुआत से ही बेहतरीन रही है। मैंने कभी नहीं सोचा कि वह टीम के लिए सही नहीं है। इसलिए मैं हमेशा मानती आई हूँ कि हरमन ही बेस्ट कप्तान है।
इंडियन वुमन्स का सपना पूरा हुआ
भारत की महिला टीम 2005 और 2017 में वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन खिताब नहीं जीत पाई थी। इस बार घरेलू मैदान पर खेले गए टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने अपने सपने को साकार कर दिखाया। यह जीत न केवल खिलाड़ियों के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का पल है। BCCI की ओर से दी गई 51 करोड़ की इनामी राशि यह साबित करती है कि महिला क्रिकेट को अब वह सम्मान मिल रहा है, जिसकी वह लंबे समय से हकदार थी।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 का ODI वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया।

