अनिल कुंबले ने मनाया विश्व संस्कृत दिवस: वीडियो मैसेज में पत्नी चेतना ने कहा- संस्कृत ज्ञान भाषा है, ये ज्यादा कठिन नहीं
Published:
2 min read

पूर्व लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने 132 टेस्ट खेले, जिसमें 619 विकेट लिए। वे सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले चौथे क्रिकेटर हैं। (X/@samskritbharati)
पूर्व भारतीय क्रिकेटर अनिल कुंबले और उनकी पत्नी चेतना ने 9 अगस्त को विश्व संस्कृत दिवस मनाया। इसी दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें संस्कृत को लेकर स्पेशल मैसेज दिया। चेतना ने कहा कि संस्कृत ज्ञान भाषा है। ये ज्यादा कठिन नहीं है।
हर साल रक्षा बंधन के दिन विश्व संस्कृत दिवस मनाया जाता है। यह वीडियो X पर Samskrita Bharati अकाउंट से शेयर किया गया। वीडियो में सबसे पहले अनिल कुंबले ने संस्कृत दिवस की शुभकामनाएं दीं।
6 से 12 अगस्त तक चलेगा संस्कृत सप्ताह
इसके बाद चेतना ने कहा कि थोड़े प्रैक्टिस के बाद हम संस्कृत में अच्छे से बात कर सकते हैं। संस्कृत हमारा अभिमान है। यह भारतीय एकता की रक्षा करती है। चेतना ने सभी से अपील की है कि वे संस्कृत को पढ़ें और समझें। इससे भविष्य में काफी फायदा मिलेगा।
संस्कृत दिवस पहली बार 1969 में मनाया गया था। साथ ही हर साल संस्कृत सप्ताह भी मनाया जाने लगा। यह एक हफ्ते तक चलता है। इस बाह संस्कृत सप्ताह 6 अगस्त से शुरू हो गया है, जो 12 अगस्त 2025 तक चलेगा।
कुंबले ने लिए एक टेस्ट पारी में 10 विकेट
लीजेंड लेग स्पिनर अनिल कुंबले का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर 18 साल का रहा है। उन्होंने 25 अप्रैल 1990 को श्रीलंका के खिलाफ शारजाह वनडे से डेब्यू किया था। जबकि आखिरी मुकाबला अक्तूबर 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल्ली टेस्ट खेला था।
कुंबले ने करियर में 132 टेस्ट खेले, जिसमें 619 विकेट लिए। वे सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले चौथे क्रिकेटर हैं। कुंबले ने 35 बार एक पारी में 5 विकेट लिए। उन्होंने अपना बेस्ट परफॉर्मेंस फरवरी 1999 में किया था, जब एक पारी में सभी 10 विकेट लिए थे।
उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की थी। कुंबले ऐसा करने वाले दूसरे क्रिकेटर हैं। इससे पहले इंग्लैंड के जिम लेकर ने ऐसा किया था। कुंबले ने 271 वनडे खेले, जिसमें 337 विकेट लिए।

