ICC नहीं माना तो झुका पाकिस्तान: दूसरे लेटर में अपने मैचों से एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की बात कही, ICC मान गया; अब एशिया कप खेलना जारी रखेगा PAK
Published: Updated:
3 min read

एशिया कप 2025 में रविवार (14 सितंबर) को हुए भारत-पाकिस्तान मुकाबले में एंडी पायक्रॉफ्ट मैच रेफरी थे। (फोटो सोर्स: AP)
स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एशिया कप 2025 में अपने सभी मैच खेलने का फैसला किया है। उसने हाल ही में धमकी दी थी कि मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को एशिया कप से हटाया जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो वह एशिया कप में आगे कोई मैच नहीं खेलेगा। ICC ने उसकी यह बात नहीं मानी।
इस बेइज्जती के बाद PCB ने ICC को दूसरा लेटर लिखा, जिसमें कहा कि पाकिस्तान के बाकी मैचों से एंडी पायक्रॉफ्ट को हटा दिया जाए। यह बात ICC ने ली माल ली। इस फैसले के बाद अब पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने एशिया कप में मैच खेलने को तैयार है।
पाकिस्तान का अगला मैच आज (17 सितंबर) को UAE से होगा। इस मैच में एंडी पायक्रॉफ्ट की जगह रिची रिचर्डसन मैच रेफरी होंगे। सुपर-4 स्टेज में भी पाकिस्तान के मुकाबलों से एंडी पायक्रॉफ्ट को हटा दिया गया है।
UAE ने बीच में आकर मामला सुलझाया
क्रिकबज के मुताबिक, ICC ने जब पाकिस्तान की डिमांड ठुकरा दी थी, तब स्थिति काफी बिगड़ गई थी। ऐसे में UAE क्रिकेट बोर्ड ने दोनों से बात की। उन्होंने मामला बताया कि मैच के टिकट्स बिक चुके हैं। फैन्स भी तैयार हैं। यदि मैच रद्द हुआ तो दिक्कत हो जाएगी। ऐसे में पाकिस्तान मान गया और मामला सुलझ गया।
क्या है मामला?
एशिया कप में रविवार को हुए भारत-पाकिस्तान मुकाबले के बाद पायक्रॉफ्ट को लेकर विवाद हो गया था। PCB का कहना है कि पायक्रॉफ्ट ने टॉस के वक्त पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा से कहा था कि वे भारतीय कप्तान से हैंडशेक न करें।
इसके बाद PCB ने पायक्रॉफ्ट पर BCCI के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। PCB का कहना था कि पहले टॉस और फिर मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों का पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ न मिलाना BCCI की सोच का हिस्सा है और यह खेल भावना के लिए ठीक नहीं है। पायक्रॉफ्ट का इसमें शामिल होना बेहद गलत है।
ICC में हुई थी शिकायत
PCB ने इन्हीं आरोपों के सहारे ICC में पायक्रॉफ्ट की शिकायत की थी। PCB ने यह तक कह दिया था कि अगर पायक्रॉफ्ट को नहीं हटाया जाता है तो उनकी टीम एशिया कप को बीच में ही छोड़कर वापस लौट जाएगी।
हालांकि ICC के सूत्रों के हवाले से खबर थी कि पाकिस्तान की यह मांग नामंजूर कर दी गई। यह भी सामने आया था कि PCB ने दो बार ICC को इस संबंध में ई-मेल किया था। पिछले 24 घंटे से यह भी चर्चा थी कि पाकिस्तान बुधवार को UAE के खिलाफ होने वाले मैच का बायकॉट कर सकती है। बहरहाल, इस पूरे मामले में ICC की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

