एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी: इंग्लिश कोच मैक्कुलम बोले- सिराज को सलाम, कोहली ने कहा- ग्रेट विन टीम इंडिया; सचिन-गावस्कर ने भी तारीफ की
Published:
2 min read

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट की सीरीज में सबसे ज्यादा 23 विकेट लिए। (BCCI)
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 का आखिरी टेस्ट मैच बहुत रोमांचक रहा। भारत ने 6 रन से ये मुकाबला जीत लिया। इसी के साथ 5 मैचों की ये सीरीज 2-2 से बराबर हुई। इस जीत के बाद कई दिग्गजों ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर की।
कोहली का पोस्ट
विराट कोहली ने X पर पोस्ट में लिखा- मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के परफॉर्मेंस से भारत को जीत मिली। सिराज टीम को अपना 100% देते हैं। मैं बहुत खुश हूं।
सचिन बोले- रोंगटे खड़े हो गए
सचिन तेंदुलकर ने X पर लिखा- टेस्ट मैच बहुत ही रोमांचक रहा। देखने में मजा आ गया, रोंगटे खड़े हो गए। सीरीज 2-2 से बराबर हो गई है। भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाया। कमाल की जीत थी।
गावस्कर कहा- वर्कलोड दिमाग की बात है
सुनील गावस्कर ने एक इंटरव्यू में मोहम्मद सिराज को सराहा। कहा- वर्कलोड दिमाग की बात है। सिराज ने दिखा दिया कि अगर इरादा पक्का हो तो कोई थकान नहीं होती। उसने 5 टेस्ट मैचों में लगातार 7-8 ओवर का स्पैल भी किए।
राजीव शुक्ला- यह सीरीज यादगार
IPL चेयरमैन राजीव शुक्ला ने भारत की जीत के बाद X लिखा- अच्छा मैच रहा! 25 दिन जबरदस्त क्रिकेट के बाद ऐसा थ्रिलर देखने को मिला। इंग्लैंड में एक नई टीम, नया कप्तान और भारतीय क्रिकेट का अलग तरीका देखने मिला। टेस्ट मैच क्रिकेट को नई ऊंचाई मिली। टीम इंडिया और शुभमन गिल को ढेर सारी बधाई। यह सीरीज कई साल याद रखी जाएगी।
मैक्कुलम का सिराज के जज्बे को सलाम
इंग्लैंड के कोच मैकुलम ब्रैंडन मैकुलम ने भी भारत की तारीफ में कहा- ये अब तक की सबसे बेहतरीन टेस्ट सीरीज थी। सिराज का आखिरी विकेट देखकर मैं निराश जरूर था, लेकिन उसकी मेहनत और जज्बे को सलाम करता हूं।

