अमित मिश्रा ने लिया क्रिकेट से रिटायरमेंट: IPL में 3 बार हैट्रिक लेने वाले अकेले गेंदबाज; इंटरनेशनल क्रिकेट में लिए 156 विकेट
Published:
2 min read

अमित मिश्रा ने 2003 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। आखिरी बार मैदान पर 2024 IPL खेलते नजर आए थे। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क, भारतीय टीम के लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने 4 सितंबर (गुरुवार) को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले लिया है। अमित का कॅरियर 25 साल लंबा चला। उन्होंने 2003 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे मुकाबले से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच 1 फरवरी 2017 को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 खेला था। अमित मिश्रा IPL में तीन बार हैट्रिक लेने वाले अकेले गेंदबाज हैं।
25 साल का यादगार सफर का हुआ अंत
अमित ने कहा - आज 25 साल के बाद मैं क्रिकेट से रिटायरमेंट ले रहा हूं। यह बीते 25 साल मेरे लिए बहुत यादगार रहे। मैं BCCI, हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन, सपोर्ट स्टाफ, साथी खिलाड़ियों और परिवार का आभारी हूं, जो हमेशा मेरे साथ खड़े रहे।
उन्होंने कहा- मैं फैन्स के अटूट प्यार और सपोर्ट के लिए भी धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने मेरे इस सफर को इतना खास बनाया। इस क्रिकेट ने मुझे कई अनगिनत यादें और बहुत सी सीख दी हैं। मैदान पर बिताया गया हर पल एक ऐसी याद बन गया है, जिसे मैं हमेशा संजो कर रखूंगा।
हर एक्सपीरियंस ने मुझे बेहतर बनाया
अमित ने आगे कहा - शुरुआत में कई सारी प्रॉब्लम्स आईं। कई सेक्रिफाइज किए। मैदान पर मिले हर एक्सपीरियंस ने मुझे बेहतर खिलाड़ी और इंसान बनाया है। मैं अपने कोच का भी धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने इस सफर को खास बनाया है। अब मैं इस चैप्टर को खत्म कर रहा हूं। दिल में बस आभार और प्यार है। क्रिकेट ने मुझे बहुत कुछ दिया है। अब मैं इस खेल को लौटाने के लिए तैयार हूं।
अमित का इंटरनेशनल क्रिकेट कॅरियर
अमित ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ ढाका में वनडे डेब्यू किया था। इस मैच में अमित ने 29 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया था। उन्होंने 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में टेस्ट डेब्यू किया था। इस टेस्ट में अमित ने पहली पारी में 5 और दूसरी पारी में 2 विकेट लिए थे।
यह मैच भारत 320 रन से जीता था। अमित ने भारतीय टीम के लिए 22 टेस्ट, 36 ODI और 10 टी20 मैच खेले। इसमें कुल 156 विकेट अपने नाम किए।

