गंभीर को मुझ पर मुझसे ज्यादा भरोसा: आकाशदीप बोले- मेरी सक्सेस का क्रेडिट गौतम और गिल को; ODI और T20I में डेब्यू का सपना
Published:
2 min read

आकाशदीप ने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट की दूसरी पारी में नाइटवॉचमैन के रूप में 66 रन बनाए थे। (फोटो क्रेडिट:BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और इंग्लैंड के बीच हाल ही में खत्म हुई टेस्ट सीरीज में आकाशदीप ने अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया। हालांकि, आकाश इसका क्रेडिट हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल को देते हैं।
एक इंटरव्यू में आकाश ने कहा- गौतम सर तो मुझ पर इतना भरोसा करते हैं, जितना मैं भी खुद पर नहीं करता।
गंभीर ने आकाश को मोटिवेट किया
न्यूज एजेंसी PTI को आकाशदीप ने इंटरव्यू दिया है। इसमें कई बातें बताईं। आकाश के मुताबिक- जब मैंने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट की दूसरी पारी में बतौर नाइटवॉचमैन 66 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल के साथ 131 रन की पार्टनरशिप की। इसके बाद कोच गंभीर ने मुझसे कहा- तुम्हें खुद नहीं पता कि तुम क्या कर सकते हो। मैं तो पहले ही कह रहा था कि तुम ये कर सकते हो। अब इसी तरह की डेडिकेशन से खेलना होगा।
आकाश ने आगे कहा- गौतम सर बहुत पैशिनेट हैं। वो हर समय हमें मोटिवेट करते हैं। उन्हें मुझ पर मुझसे से ज्यादा भरोसा है, चाहे वो बैटिंग हो या फिर बॉलिंग।
लगा ही नहीं कि गिल नया कप्तान है…
कप्तान गिल की तारीफ करते हुए आकाश ने कहा- मुझे लगा ही नहीं मैं एक नए कप्तान के अंडर में खेल रहा हूं। गिल प्लेयर को बैक करते हैं और मैदान पर काफी शांत रहते हैं।
ODI-T20I में डेब्यू पर नजर
आकाश 10 टेस्ट खेल चुके हैं और अब उनका सपना है कि वो इंडिया के लिए वनडे और टी20 भी खेलें। उन्होंने कहा- हम सिलेक्टर्स के पास जाकर कुछ नहीं कह सकते। वो जब समझेंगे कि मेरी जरूरत है, तब बुलाएंगे। मेरा काम है खुद को तैयार रखना और अच्छा प्रदर्शन करना।
आकाशदीप ने फरवरी 2024 में राहुल द्रविड़ के कोच रहते हुए डेब्यू किया था। इसके बाद उन्हें गौतम गंभीर की कोचिंग में भी खेलने का मौका मिला। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वो टीम में शामिल थे। उन्होंने ब्रिस्बेन और मेलबर्न टेस्ट खेले। इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम टेस्ट में उन्होंने 10 विकेट लिए।
आकाशदीप का टेस्ट रिकॉर्ड
- मैच: 10
- विकेट: 28
- इकोनॉमी: 3.91
- बेस्ट: 10/ 187

